CM Samrat Choudhary BJP breaks 56 years old jinx of Dy CM not elevating as Chief Minister in Bihar Tejashwi Sushil Modi सीएम बनते ही एक बात में सम्राट चौधरी की कर्पूरी ठाकुर से बराबरी, 56 साल का वहम टूटेगा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सीएम बनते ही एक बात में सम्राट चौधरी की कर्पूरी ठाकुर से बराबरी, 56 साल का वहम टूटेगा

Samrat Choudhary News: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शपथ लेते ही 56 साल पुरानी एक अपशकुनी वहम तोड़ देंगे कि जो डिप्टी सीएम बना, वो सीएम नहीं बनता। वो कर्पूरी ठाकुर के बाद सीएम बनने वाले दूसरे डिप्टी होंगे।

Wed, 15 April 2026 08:51 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
सीएम बनते ही एक बात में सम्राट चौधरी की कर्पूरी ठाकुर से बराबरी, 56 साल का वहम टूटेगा

Samrat Choudhary News: बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट को लगातार तीसरी बार नेता चुना गया है। सम्राट के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार आज 15 अप्रैल को शपथ ले रही है। उनके साथ आज जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी ही शपथ लेंगे। सम्राट कैबिनेट का विस्तार आगे जब होगा, तब भाजपा, जदयू, लोजपा-आर, हम एवं रालोमो के नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा।

सम्राट चौधरी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही 56 साल पुरानी एक अपशकुनी वहम तोड़ देंगे, जो यह धारणा बनाता था कि जो डिप्टी सीएम बन जाता है, वो कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाता। सम्राट इसी के साथ एक बात में समाजवादी नेता भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की भी बराबरी कर लेंगे, क्योंकि कर्पूरी ठाकुर वह आखिरी डिप्टी सीएम हैं, जिन्हें 56 साल पहले पहली बार मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला था। सम्राट चौधरी कर्पूरी ठाकुर के बाद सीएम बनने वाले दूसरे डिप्टी सीएम होंगे।

बिहार में कर्पूरी ठाकुर के बाद 56 साल से कोई उप-मुख्यमंत्री कभी मुख्यमंत्री की कुर्सी तक नहीं पहुंच पाया। कर्पूरी ठाकुर 1967 में पहली बार सोशलिस्ट पार्टी की महामाया प्रसाद सिन्हा सरकार में डिप्टी सीएम बने थे। लगभग एक साल तक वह उप-मुख्यमंत्री पद पर रहे। 1970 में कर्पूरी ठाकुर पहली बार सीएम बने और सरकार लगभग छह महीने चली। इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में जनता पार्टी की सरकार बनी तो कर्पूरी 1977 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। इस बार कर्पूरी की सरकार 2 साल से कुछ कम समय तक चली।

बिहार को आजादी के बाद से अब तक 10 डिप्टी सीएम मिले हैं। कर्पूरी ठाकुर से पहले कांग्रेस के अनुग्रह नारायण सिन्हा 11 साल डिप्टी सीएम रहे, लेकिन सीएम ना बन सके। कर्पूरी ठाकुर के बाद जगदेव प्रसाद, राम जयपाल सिंह यादव, सुशील मोदी, तेजस्वी यादव, तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम बने। कर्पूरी 1970 में पहली बार सीएम बने थे। उनके बाद बना कोई डिप्टी सीएम अब तक सीएम नहीं बन पा रहा था। 56 साल बाद सम्राट चौधरी ने उस रिकॉर्ड और उस मान्यता को ध्वस्त कर दिया है।

बिहार में भाजपा के संस्थापक नेताओं में रहे सुशील मोदी कई बार नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम बने, लेकिन कभी सीएम नहीं बन पाए। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव भी दो बार डिप्टी सीएम बने, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं बन पा रहे हैं। सम्राट चौधरी दो बार डिप्टी सीएम बनने के बाद प्रमोशन की लंबी छलांग मारकर सीएम बनने जा रहे हैं।

सम्राट चौधरी अब तक तीन बार भाजपा विधायक दल का नेता चुने गए हैं। पहली दो बार वो डिप्टी सीएम बने। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भाजपा को सरकार का नेतृत्व करना है, इसलिए अब बीजेपी विधायक दल का नेता ही एनडीए का नेता और मुख्यमंत्री होगा। बिहार में भाजपा के नेतृत्व में यह पहली एनडीए सरकार होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट चौधरी नए सीएम, भाजपा विधायक दल ने फिर से नेता चुना, नीतीश की जगह लेंगे
ये भी पढ़ें:LIVE: बीजेपी ने सम्राट चौधरी के नाम पर लगाई मुहर, बिहार के नए मुख्यमंत्री बनेंगे
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।