Bihar CM News Highlights: सम्राट सरकार का शपथ ग्रहण आज, तीन नेता ही शपथ लेंगे, बाद में बनेंगे बाकी मंत्री Bihar BJP CM LIVE nitish kumar samrat choudhary nda meeting shivraj singh chouhan nitin nabin - bihar news
More
Hindi NewsबिहारBihar CM News Highlights: सम्राट सरकार का शपथ ग्रहण आज, तीन नेता ही शपथ लेंगे, बाद में बनेंगे बाकी मंत्री

Bihar CM News Highlights: सम्राट सरकार का शपथ ग्रहण आज, तीन नेता ही शपथ लेंगे, बाद में बनेंगे बाकी मंत्री

Bihar CM News Highlights: सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। सम्राट के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार आज शपथ लेगी। उनके साथ सिर्फ बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी आज शपथ लेंगे। बाद में कैबिनेट विस्तार में बाकी मंत्री बनेंगे।

Bihar CM News Highlights: सम्राट सरकार का शपथ ग्रहण आज, तीन नेता ही शपथ लेंगे, बाद में बनेंगे बाकी मंत्री

Bihar CM News Live

Nishant Nandan| लाइव हिन्दुस्तान,पटना | Wed, 15 Apr 2026 08:17 AM
हमें फॉलो करें

Bihar CM News Highlights: भारतीय जनता पार्टी ने सम्राट चौधरी को बिहार का नया सीएम बनाने का फैसला किया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट को फिर से पार्टी का नेता चुना गया। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में उनके नाम का अनुमोदन हुआ। एनडीए बैठक में निवर्तमान सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को माला पहनाकर उनके नाम का ऐलान किया। सम्राट चौधरी ने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है और उन्हें सरकार बनाने का न्योता भी मिल गया है। सम्राट की अगुवाई में भाजपा के नेतृत्व वाली पहली सरकार 15 अप्रैल यानी बुधवार को शपथ लेगी। बिहार में सम्राट भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे और सम्राट सरकार भाजपा के नेतृत्व वाली पहली सरकार होगी। सम्राट के साथ जेडीयू कोटे से दो नेता बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी भी शपथ लेंगे। ये दोनों नई सरकार में डिप्टी सीएम होंगे। मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा।

इससे पहले आज सुबह नीतीश कुमार ने अपने कैबिनेट की आखिरी बैठक की। कैबिनेट की बैठक के बाद नीतीश ने मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश भेज दी और शाम सवा तीन बजे राज्यपाल को मिलकर सीएम पद से इस्तीफा सौंप दिया। सम्राट चौधरी इस्तीफा देने वक्त नीतीश के साथ थे। वहां से सम्राट सीएम आवास पर नीतीश को छोड़कर भाजपा दफ्तर पहुंचे। बीजेपी दफ्तर में पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान और बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े की मौजूदगी में विधायक दल के नेता के तौर पर सम्राट चौधरी को फिर से चुन लिया गया।

14 Apr 2026, 09:27:12 PM IST

Bihar CM News LIVE: भाजपा और जदयू में प्रमोशन का मौसम, सम्राट चौधरी डिप्टी से सीएम, बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी मंत्री से डिप्टी सीएम

Bihar CM News LIVE: बिहार में एनडीए सरकार के नेतृत्व में बदलाव से भाजपा और जदयू के नेताओं में प्रमोशन का मौसम आ गया है। सम्राट चौधरी जहां डिप्टी सीएम से प्रमोट होकर मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। वहीं अब तक कई सरकारों में मंत्री रह चुके जेडीयू के नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी तरक्की पाकर डिप्टी सीएम का दर्जा हासिल करने जा रहे हैं।

14 Apr 2026, 09:25:18 PM IST

Bihar CM News LIVE: सम्राट चौधरी कैबिनेट में कल सिर्फ तीन नेता शपथ लेंगे, सीएम के अलावा बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी डिप्टी सीएम

Bihar CM News LIVE: बिहार में सम्राट चौधरी की नई सरकार के शपथ ग्रहण में कल सिर्फ तीन नेता शपथ लेंगे। सीएम सम्राट चौधरी के अलावा जदयू से दो डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी शपथ लेंगे।

14 Apr 2026, 08:51:44 PM IST

Bihar CM News LIVE: बिजेंद्र और विजय होंगे डिप्टी सीएम, सम्राट के साथ शपथ कल

Bihar CM News LIVE: नई एनडीए सरकार में नीतीश की पार्टी जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे। बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। सम्राट चौधरी कल लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ जेडीयू के दोनों डिप्टी सीएम भी शपथ ग्रहण करेंगे। मंत्रिमंडल के बाकी सदस्यों का शपथ ग्रहण कुछ दिनों के बाद होगा।

14 Apr 2026, 07:13:53 PM IST

Bihar CM News LIVE: सम्राट चौधरी ने पेश कर दिया सरकार बनाने का दावा, कल एनडीए की नई सरकार का शपथ ग्रहण

Bihar CM News LIVE: सम्राट चौधरी ने एनडीए विधानमंडल दल के नेता के तौर पर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। शिवराज सिंह चौहान, विजय चौधरी, जीतनराम मांझी समेत अन्य एनडीए नेताओं के साथ सम्राट चौधरी राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार कल शपथ लेगी।

14 Apr 2026, 05:49:36 PM IST

Bihar CM News LIVE: एनडीए ने भी सम्राट चौधरी को नेता चुना, नीतीश ने माला पहनाई, भतीजे ने चाचा के पांव छुए

Bihar CM News LIVE: भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद एनडीए के विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुन लिया गया है। एनडीए मीटिंग में नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को माला पहनाकर उनके नाम का ऐलान किया। सम्राट चौधरी ने भी नीतीश कुमार के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। चाचा-भतीजे की यह जोड़ी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा के साथ ही फोकस में आ गई थी।

14 Apr 2026, 04:11:50 PM IST

Bihar CM News Live: सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री

Bihar CM News Live: बिहार के नए 'बॉस' अब सम्राट चौधरी होंगे। बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगी है। विधानमंडल दल की बैठक में विजय सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। जिसपर बीजेपी के सभी नेताओं ने सहमति जताई। अब सम्राट चौधरी बुधवार को शपथ ले सकते हैं। सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान होने के बाद सम्राट चौधरी के समर्थकों में गजब का उत्साह नजर आया। पटना में पार्टी दफ्तर के बाहर सम्राट के समर्थक खुशी में झूमते नजर आए।

14 Apr 2026, 03:58:02 PM IST

Bihar CM News Live: लालू की पाठशाला से ही निकले छात्र हैं, सम्राट चौधरी पर तेजस्वी का तंज

Bihar CM News Live: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि जो लोग हमेशा महात्मा गांधी और बापू के आदर्शों की बात करते थे, आज उन्होंने उन लोगों के साथ हाथ मिला लिया है जो गांधी के हत्यारों की विचारधारा को मानते हैं। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार अब उन लोगों को स्थापित कर रहे हैं जो नाथूराम गोडसे के समर्थक हैं। बापू का नाम लेने वालों का यह असली चेहरा अब जनता के सामने है।

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास अपना कोई वजूद नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी मुख्यमंत्री बने, ये सब लोग अंततः लालू जी की ही पाठशाला (आरजेडी) से निकले हुए छात्र हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि बीजेपी को अब लालू जी की विचारधारा और उनके बनाए नेताओं के इर्द-गिर्द ही अपनी राजनीति करनी पड़ रही है।

14 Apr 2026, 03:34:32 PM IST

Bihar CM News Live: इस्तीफा देने के बाद क्या बोले नीतीश कुमार

Bihar CM News Live: बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। नीतीश कुमार ने कहा कि अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, 'आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।

इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ तथा शुभकामनाएं देता हूँ।'

14 Apr 2026, 03:19:43 PM IST

Bihar CM News Live: नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा

Bihar CM News Live: बिहार में नई सरकार की हलचल के बीच नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा। राज्यपाल ने नीतीश कुमार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राज्यपाल ने नई व्यवस्था होने तक उन्हें कार्यकारी व्यवस्था के तहत सीएम बने रहने को कहा है।

14 Apr 2026, 03:10:49 PM IST

Bihar CM News Live: मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा, काम करना जारी रखें मंत्री - नीतीश कुमार

Bihar CM News Live: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि साल 2005 में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली थी। जितना संभव हुआ, अपनी पूरी क्षमता से उन्होंने काम किया। पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेवारियों का निवर्हन किया। वे मंगलवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उनके मुख्यमंत्रित्व काल की यह अंतिम कैबिनेट बैठक थी। इसके पहले बैठक में नीतीश कुमार के कार्यकाल के लिए उनका आभार प्रकट किया गया।

सबसे पहले मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उनका आभार जताया। बैठक 20 मिनट में ही खत्म हो गयी। इसके पहले लगभग ठह मिनट तक नीतीश कुमार ने अपने कैबिनेट को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भले वे जा रहे हैं, लेकिन आने वाली सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने मंत्रियों को काम जारी रखने की सलाह दी। कहा कि अभी सूबे में काम अच्छा हो रहा है, लेकिन और बेहतर करना जरूरी है। बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए कठिन मेहनत की आवश्यकता है। बिहार को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सभी की है।

14 Apr 2026, 03:04:20 PM IST

Bihar CM News Live: थोड़ी देर में इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार

Bihar CM News Live: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थोड़ी देर में अपने आवास से निकलकर लोकभवन पहुंच सकते हैं। यहां नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप सकते हैं।

14 Apr 2026, 02:56:30 PM IST

Bihar CM News Live: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे

Bihar CM News Live: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज है। इस बीच उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं।

14 Apr 2026, 02:45:24 PM IST

Bihar CM News Live: शपथ ग्रहण समारोह में आ सकते हैं जेपी नड्डा

Bihar CM News Live: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर कवायद जारी है। इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है बुधवार को नई सरकार के मुख्यमंत्री शपथ ले सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।

14 Apr 2026, 02:41:39 PM IST

Bihar CM News Live: बीजेपी विधानमंडल की बैठक थोड़ी देर में

Bihar CM News Live: बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में शामिल होने के लिए नेताओं के आने का सिलसिला जारी है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राज्य के मंत्री मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, रेणु देवी आदि कई वरिष्ठ नेता भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं। विधायकों के आने का क्रम जारी है। थोड़ी ही देर में बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक होगी।

14 Apr 2026, 02:34:44 PM IST

Bihar CM News Live: ‘25 से 30 फिर से नीतीश’ नारे का क्या मतलब- मनोज झा

Bihar CM News Live: राजद सांसद मनोज झा ने कहा, "मेरा सवाल है कि क्या उनका(नीतीश कुमार) कार्यकाल आज समाप्त होना था? अगर कार्यकाल अप्रैल 2026 में खत्म होना था, तो 25 से 30 फिर से नीतीश, इस नारे का क्या मतलब था? यह तो घोर बेईमानी है। इसके बाद जो भी कोई मुख्यमंत्री बनेगा, वो अधिदेशित मुख्यमंत्री नहीं होगा...

14 Apr 2026, 02:17:45 PM IST

Bihar CM News Live: नीतीश कुमार 3 बजे देंगे इस्तीफा

Bihar CM News Live: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल सैयद अता हुसैन से मुलाकात कर इस्तीफा सौंपने से पहले अपने मंत्रिमंडल को भंग करने की सिफारिश की। राज्य के एक मंत्री ने यह जानकारी दी। राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे कुमार ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों को कैबिनेट भंग करने के निर्णय की जानकारी दी।

प्रदेश के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए राज्यपाल से मुलाकात करने से पहले मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की है। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार आज अपराह्न तीन बजे से पहले राज्यपाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त होगा।

14 Apr 2026, 02:11:16 PM IST

Bihar CM News Live: क्या बोले मंत्री संजय सिंह

Bihar CM News Live: बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह ने कहा कि यह नीतीश कुमार मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक थी, जिसमें मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को संबोधित किया और इसे अपने कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक बताया। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद मुख्यमंत्री राज्यपाल से मिलने जाएंगे।

14 Apr 2026, 01:44:39 PM IST

Bihar CM News Live: सम्राट चौधरी समेत तीन लोग ले सकते हैं शपथ

Bihar CM News Live: बिहार में नई सरकार के गठन में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक के बाद बिहार के नए मुख्यमंत्री का नाम तय हो जाएगा। इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह कहा जा रहा है कि सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री बन सकते हैं। सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि बुधवार को बीजेपी से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि जदयू कोटे से निशांत और विजय चौधरी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

14 Apr 2026, 01:29:26 PM IST

Bihar CM News Live: आज ही दूसरे घर में शिफ्ट होंगे नीतीश

Bihar CM News Live: कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार आज ही 1 अर्णे मार्ग स्थित सीएम आवास छोड़ देंगे और अपने नए आवास पर शिफ्ट हो जाएंगे। सीएम नीतीश कुमार का नया पता 7 सर्कुलर रोड होगा। कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार का सामान भी नए आवास पर जा चुका है।

14 Apr 2026, 01:08:53 PM IST

Bihar CM News Live: नीतीश कुमार नै की मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश

Bihar CM News Live: बिहार में सियासी गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। इस बीच न्यूज एजेंसी भाषा ने बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव के हवाले से बताया है कि नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए राज्यपाल से मुलाकात करने से पहले मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की है।

14 Apr 2026, 01:04:52 PM IST

Bihar CM News Live: बुधवार को तीन लोग ले सकते हैं शपथ

Bihar CM News Live: कई मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि बुधवार को सम्राट चौधरी के अलावा निशांत और विजय चौधरी भी शपथ ले सकते हैं। हालांकि, नए सीएम के नाम पर अभी आधिकारिक तौर से कुछ नहीं कहा गया है। जल्द ही बिहार के नए मुख्यमंत्री का नाम सामने आ जाएगा।

14 Apr 2026, 01:02:05 PM IST

Bihar CM News Live: राजग के कुल 202 विधायक हैं

Bihar CM News Live: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जिन्हें भाजपा संसदीय बोर्ड ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, इस प्रक्रिया के लिए पटना पहुंचने चुके हैं। 202 विधायकों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में जदयू के 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 19 और हिंदुस्तान आवामी मोर्चा के पांच विधायक शामिल हैं। इन दलों का नेतृत्व क्रमशः चिराग पासवान और जीतन राम मांझी करते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के पांच विधायक भी गठबंधन का हिस्सा हैं, इस पार्टी के प्रमुख हैं उपेंद्र कुशवाहा।

14 Apr 2026, 12:40:26 PM IST

Bihar CM News Live: एयरपोर्ट से निकले नितिन नवीन

Bihar CM News Live: विनोद तावड़े, नितिन नवीन और शिवराज सिंह चौहान एक गाड़ी में सवार होकर निकल गए। इसके अलावा सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, श्रैयशी सिंह, रामकृपाल यादव सहित भाजपा के सभी मंत्री और विधायक उनके स्वागत के लिए पटना एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके साथ सभी का काफिला एयरपोर्ट से रवाना हो गया है।

14 Apr 2026, 12:39:44 PM IST

Bihar CM News Live: भावुक होने के साथ गौरव का भी क्षण- लेसी सिंह

Bihar CM News Live: नीतीश सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि यह भावुक होने के साथ-साथ गौरव का भी क्षण है। ऐसे नेता के साथ मैंने इतने वर्षों तक काम किया है। नीतीश कुमार ने बिहार के लिए बहुत कुछ किया है और सभी को शुभकामनाएं दी हैं।

14 Apr 2026, 12:28:23 PM IST

Bihar CM News Live: नीतीश कुमार ने ग्रुप फोटोग्राफी करवाई

Bihar CM News Live: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट की बैठक के बाद अपने सहयोगियों के साथ ग्रुप फोटोग्राफी करवाई है। अधिकारियों के साथ भी फोटोग्राफी हुई है। इधर पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में सिर्फ विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को ही प्रवेश मिल रहा है। कार्यालय के मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया है।

14 Apr 2026, 12:22:10 PM IST

Bihar CM News Live: नितिन नवीन और शिवराज पटना पहुंचे

Bihar CM News Live: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े स्पेशल विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचे। उनके स्वागत के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, शाहनवाज हुसैन, सांसद राधा मोहन सिंह, संजय मयूख सहित कई सांसद और विधायक मौजूद हैं। उनका काफिला जल्द ही स्टेट हैंगर से बाहर निकलने वाला है।

14 Apr 2026, 12:21:03 PM IST

Bihar CM News Live: बिहार के अगले मुख्यमंत्री रामजी होंगे- तेजप्रताप यादव

Bihar CM News Live: तेज प्रताप यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे पर कहा कि भगवान जाने उनके मन में क्या चल रहा है। लोग कुर्सी पर बैठते हैं, वो कुर्सी छोड़कर जा रहे हैं। अगले मुख्यमंत्री रामजी होंगे।

14 Apr 2026, 12:12:30 PM IST

Bihar CM News Live: JDU विधानमंडल दल की बैठक रद्द

Bihar CM News Live: बिहार में बढ़ी सियासी गतिविधियों के बीच अब कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि JDU ने अपने विधानमंडल दल की बैठक को रद्द कर दिया है। जदयू ने विधानमंडल दल के नेताओं से कहा गया है कि वो चार बजे बीजेपी विधानमंडल दल की होने वाली बैठक में जाएं।

14 Apr 2026, 12:08:16 PM IST

Bihar CM News Live: नीतीश कुमार ने जो किया वो कोई नहीं कर सकता- रामकृपाल यादव

Bihar CM News Live: बिहार कैबिनेट मीटिंग खत्म होने के बाद राज्य सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, "आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। उन्होंने आभार व्यक्त किया, भावुक पल था। सभी ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। 20 साल तक उन्होंने काम किया। नीतीश कुमार ने जो आवाम के लिए किया है वो कोई नहीं कर सकता है... वे इस्तीफा देने जाएंगे, उन्होंने राज्यपाल से अनुमति ली है..."

14 Apr 2026, 12:04:57 PM IST

Bihar CM News Live: नीतीश कुमार मार्गदर्शक रहेंगे- लखेंद्र पासवान

Bihar CM News Live: बिहार सराकर में मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि बिहार के लोगों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भरोसा जताते हुए बधाई दिया है। उन्होंने कहा कि समृद्ध और सशक्त बिहार बनाया है और आगे भी जो सरकार बनेगी उस सरकार में पूरी भूमिका और मार्गदर्शक के रूप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्य करेंगे।

14 Apr 2026, 12:03:53 PM IST

Bihar CM News Live: कैबिनेट बैठक के बाद आवास पर गए सीएम नीतीश

Bihar CM News Live: कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने आवास पर गए। कैबिनेट की बैठक में क्या कुछ फैसला लिया गया है अभी इसके बारे में जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन बैठक के बाद कैबिनेट के मंत्रियों ने इतना जरुर कहा कि वहां मौजूद सभी लोग भावुक थे। करीब 30-40 मिनट तक यह बैठक चली और इस दौरान सीएम ने मंत्रियों से यह भी कहा कि वो इस्तीफा देने जा रहे हैं।

14 Apr 2026, 11:39:24 AM IST

Bihar CM News Live: कैबिनेट के सभी मंत्री भावुक थे- रामकृपाल यादव

Bihar CM News Live: कैबिनेट की बैठक के बाद ब्रीफिंग को रद्द कर दिया गया है। बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि बैठक में सभी लोग भावुक थे। नीतीश कुमार का बॉडी लैंग्वेज सामान्य था। रामकृपाल यादव ने कहा कि बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि वो इस्तीफा देने के लिए लोकभवन जाएंगे।

14 Apr 2026, 11:34:06 AM IST

Bihar CM News Live: नीतीश कैबिनेट की बैठक जारी

Bihar CM News Live: नीतीश कैबिनेट की बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक से पहले सीएम नीतीश ने बाबा साहब डॉक्टर भीम राव आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया है। जानकारी के मुताबिक, इस बैठक के बाद नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

14 Apr 2026, 11:27:06 AM IST

Bihar CM News Live: अंतिम कैबिनेट मीटिंग पर क्या बोले दीपक प्रकाश

Bihar CM News Live: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अंतिम कैबिनेट मीटिंग पर बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा, "जिस प्रकार से उन्होंने बिहार में आर्थिक और सामाजिक बदलाव को लीड किया है। बिहार में व्यापक स्तर पर बदलाव आया है। आगे भी मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार में सरकार चलती रहेगी और राज्यसभा से भी मुख्यमंत्री बिहार के विकास में अपना योगदान देते रहेंगे। बिहार से जुड़े जो भी मुद्दे हैं वो उठाते रहेंगे।"

14 Apr 2026, 11:15:44 AM IST

Bihar CM News Live: बैठक कर समर्थन पत्र तैयार करेगी HAM

Bihar CM News Live: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर गतिविधियां तेज हैं। इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि आज दोपहर 2 बजे HAM की एक अहम बैठक होगी। पार्टी के नेता संतोष सुमन ने बताया कि इस बैठक में समर्थन पत्र तैयार होगा। मीटिंग के बाद यह समर्थन पत्र' NDA को सौंपा जाएगा।

14 Apr 2026, 11:07:14 AM IST

Bihar CM News Live: पटना में बीजेपी की बैठक शुरू

Bihar CM News Live: बिहार में सियासी सरगर्मी के बीच पटना में बीजेपी की अहम बैठक शुरू हो चुकी है। बीएल संतोष, संजय सरावगी और ऋतु राज समेत बीजेपी के कई दिग्गज नेता इस बैठक में मौजूद हैं।

14 Apr 2026, 11:05:05 AM IST

Bihar CM News Live: नीतीश के इस्तीफे से पहले राजभवन जाने वाली सड़कें सील

Bihar CM News Live: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफा देने जाने से पहले पटना में राजभवन के चारों तरफ सड़क को सुरक्षा के बीच सील कर दिया गया है। मीडिया को भी जाने का परमिशन नहीं है।

14 Apr 2026, 11:03:32 AM IST

Bihar CM News Live: बीएल संतोष पटना पहुंचे

Bihar CM News Live: बिहार में नई सरकार को लेकर सियासी हलचल के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष पटना पहुंच चुके हैं। बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनका स्वागत किया है।

14 Apr 2026, 10:36:28 AM IST

Bihar CM News Live: इस्तीफे से पहले साथ दिखे नीतीश और सम्राट

Bihar CM News Live:: नीतीश कुमार ने मंगलवार की सुबह पटना में स्थित संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उनके साथ सम्राट चौधरी भी नजर आए। बताया जा रहा है कि इसके बाद कैबिनेट की अहम बैठक होगी और फिर नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देंगे।

14 Apr 2026, 10:28:10 AM IST

Bihar CM News Live: नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी तेज

Bihar CM News Live: बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि पटना स्थित लोकभवन में अतिरिक्त कुर्सियां मंगवाई गई है। लोकभवन के आसपास सुरक्षा के भी बेहद ही कड़े इंतजाम किए गए हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।