First son died then father passes away suspected spurious liquor deaths in Samastipur पहले बेटा गया, फिर पिता की मौत; समस्तीपुर में जहरीली शराबकांड की आशंका, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पहले बेटा गया, फिर पिता की मौत; समस्तीपुर में जहरीली शराबकांड की आशंका

समस्तीपुर जिले के बंगरी थाना क्षेत्र में एक परिवार में पहले बेटे और फिर पिता की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा बीमार है। चर्चा है कि जहरीली शराब पीने की वजह से मौत हुई है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

Fri, 9 Jan 2026 07:18 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, ताजपुर (समस्तीपुर)
share
पहले बेटा गया, फिर पिता की मौत; समस्तीपुर में जहरीली शराबकांड की आशंका

बिहार के समस्तीपुर जिले में जहरीली शराबकांड की आहट सुनाई दे रही है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की मौत के बाद ताजपुर के बंगरी थाना क्षेत्र के बहादुरनगर रहीमाबाद में पिता और बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जहरीली शराब के सेवन से दोनों की जान जाने की आशंका जताई जा रही है। जबकि परिवार का दूसरा बेटा बीमार है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान गांव के पल्लू ठाकुर (70) और उनके पुत्र रंजीत कुमार (35) के रूप में हुई है। इलाजरत पुत्र का नाम अजीत कुमार (25) बताया गया है। एक ही परिवार में करीब 16 घंटे के भीतर दो मौतों से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गांव में लोग जहरीली शराब पीने की आशंका जता रहे हैं लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

पहले बेटा गया, फिर पिता

ग्रामीणों के अनुसार बुधवार रात करीब एक बजे रंजीत कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन शव घर ले आए और गुरुवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार में शामिल पिता पल्लू ठाकुर पहले से अस्वस्थ थे। लौटने के बाद उनकी तबीयत भी अचानक ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें भी इलाज के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां गुरुवार देर शाम डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खबर लिखे जाने तक पल्लू ठाकुर का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। इसी बीच, पल्लू का दूसरा बेटा अजीत कुमार बीमार हो गया। उसका भी इलाज कराया जा रहा है। हालांकि, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। लगातार तीन लोगों की बिगड़ती हालत और दो की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में जहरीली शराब का कहर; पिता की मौत, बेटे के आंखों की रोशनी गई

मृतकों का परिवार गरीब और मजदूर वर्ग से जुड़ा बताया जा रहा है। अभी तक परिजन की ओर से पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी गई है। इस संबंध में बंगरा थानाध्यक्ष पंचम कुमार ने बताया कि कुछ लोगों से घटना की जानकारी मिली है। परिजन की ओर से सूचना नहीं मिली है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच की जाएगी।

मुसरीघरारी शराब कांड में चौकीदार निलंबित, सेक्टर पदाधिकारी पर कार्रवाई

समस्तीपुर जिले के ही मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के वार्ड 12 में शराब पीने से पिता बालेश्वर साह की हुई मौत और बेटे बबलू साह की आंखों की रोशनी जाने के मामले में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने चौकीदार को निलंबित कर दिया है। मामले में सेक्टर पदाधिकारी यदुवंश सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया है। एसपी ने मुसरीघरारी थानाध्यक्ष को भी कड़ी फटकार लगाई है।

इससे पहले बुधवार देर शाम एसपी मृतक बालेश्वर साह के घर पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि घटना 1 जनवरी की है, पर पुलिस को इसकी सूचना 7 जनवरी को मिली। सूचना संकलन में इतनी देरी पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।