चंचल कुमार सूचना प्रसारण सचिव बने, नीतीश के चर्चित प्रधान सचिव रहे बिहार कैडर के IAS अफसर
बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी चंचल कुमार को केंद्र सरकार ने सूचना प्रसारण सचिव नियुक्त किया है। चंचल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों में से एक हैं। वह लंबे समय तक सीएम के प्रधान सचिव रहे।

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सीनियर आईएएस अधिकारी चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण सचिव नियुक्त किया है। चंचल 1992 बैच के बिहार कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। वर्तमान में वह पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के सचिव पद पर तैनात हैं। वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों में से एक हैं। वह नीतीश के प्रधान सचिव भी रह चुके हैं।
केंद्र सरकार के कार्मिक मंत्रालय ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। चंचल कुमार फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। साल 2022 में उन्हें नीतीश सरकार ने सेंट्रल डेप्युटेशन पर भेजा था। उस समय वे सीएम नीतीश कुमार के प्रधान सचिव थे। बिहार के चर्चित और तेज तर्रार अफसरों में उनकी गिनती होती रही है। बिहार सरकार में उन्होंने कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, IAS चंचल कुमार ने आईआईटी कानपुर से बीटेक-एमटेक की पढ़ाई की है। साथ ही पटना यूनिवर्सिटी से उन्होंने अर्थशास्त्र में पीएचडी भी की। चंचल की हिंदी और अंग्रेजी के अलावा मैथिली भाषा पर अच्छी पकड़ है।
नीतीश के प्रशासनिक सलाहकार रहे चंचल कुमार
आईएएस चंचल कुमार को नीतीश कुमार के प्रशासनिक सलाहकारों के तौर पर जाना जाता रहा है। बताया जाता है कि सीएम के प्रधान सचिव रहते बिहार में कई नीतियों को लागू करने का सुझाव चंचल ने ही नीतीश को दिया था।
नीतीश कुमार जब केंद्र की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में रेल मंत्री थे, तब से चंचल कुमार उनके साथ हैं। बिहार सरकार में काम करते समय आईएएस चंचल कुमार ने कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली। एक बार में वे 3-3 विभागों के एसीएस भी रहे। सीएम नीतीश कुमार के पसंदीदा अफसर होने के चलते कैबिनेट के मंत्री भी उनसे संभलकर रहते थे।
चंचल कुमार से मंत्रियों के रहे मतभेद
रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2019 में बिहार के तत्कालीन मंत्री महेश्वर हजारी का उनके विभाग के सचिव रहे चंचल कुमार से मतभेद हो गया था। तब नीतीश ने महेश्वर हजारी का ही विभाग बदल दिया था, मगर IAS चंचल कुमार का तबादला नहीं किया गया था।
इसी तरह, साल 2021 में तत्कालीन मंत्री मदन सहनी ने भी आरोप लगाए थे कि चंचल कुमार उनका फोन तक नहीं उठाते हैं और ना ही कॉल बैक करते हैं। उस समय चंचल कुमार नीतीश के प्रधान सचिव थे। मदन सहनी ने अफसरशाही का आरोप लगाते हुए मंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी थी।
(एजेंसी इनपुट के साथ)




साइन इन