सम्राट चौधरी के कैबिनेट में कौन-कौन मंत्री? भाजपा, जदयू, लोजपा, हम और रालोमो से इन सबकी चर्चा
बिहार में पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एनडीए की सरकार का गठन होने जा रहा है। नए सीएम सम्राट चौधरी की कैबिनेट में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो से बनाए जाने वाले संभावित मंत्रियों की सूची यहां देखें।
Samrat Choudhary Cabinet Bihar Ministers: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट में कौन-कौन मंत्री होंगे, इस पर अटकलें चलने लगी हैं। नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट का शपथ ग्रहण बुधवार को होगा। पहली बार राज्य में भारतीय जनता पार्टी का सीएम बनेगा। नई सरकार में पहली बार नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड से डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। नीतीश के बेटे निशांत कुमार का नाम डिप्टी सीएम के लिए चल रही थी, लेकिन कहा जा रहा है कि अभी वे इस पद के लिए राजी नहीं हैं। ऐसे में जदयू से एक या दो वरीय नेताओं को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। सम्राट की नई कैबिनेट में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो से कौन-कौन मंत्री बन सकता है, इसकी संभावित सूची नीचे दी जा रही है।
एनडीए नेताओं से अब तक मिली जानकारी के अनुसार नई सरकार के स्वरूप में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री भाजपा का बन रहा है, तो डिप्टी सीएम पद जदयू को जाना तय है। बाकी अन्य दलों के मंत्री मौजूदा संख्याबल के हिसाब से ही रहेंगे। हालांकि, कुछ चेहरों को बदलकर नए लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। जदयू सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में नीतीश की पार्टी की हिस्सेदारी भी दमदार रहेगी। इस बार भाजपा से ज्यादा जदयू से मंत्री बनाए जा सकते हैं।
बिहार के कैबिनेट मंत्रियों की संभावित सूची यहां देखें
भाजपा से ये नेता बनाए जा सकते हैं मंत्री-
- सम्राट चौधरी (मुख्यमंत्री)
- विजय सिन्हा
- मंगल पांडेय
- दिलीप जायसवाल
- रामकृपाल यादव
- श्रेयसी सिंह
- लखेंद्र पासवान
- रमा निषाद
- प्रमोद चंद्रवंशी
- अरुण शंकर प्रसाद
- संजय सिंह टाइगर
जदयू ये नेता बनाए जा सकते हैं मंत्री
- बिजेंद्र प्रसाद यादव
- विजय चौधरी
- श्रवण कुमार
- अशोक चौधरी
- लेशी सिंह
- मदन सहनी
- जमा खान
- सुनील कुमार
अन्य दलों से ये नेता बनाए जा सकते हैं मंत्री
- लोजपा (रामविलास) से संजय पासवान और संजय सिंह
- हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) से संतोष कुमार सुमन
- राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) से दीपक प्रकाश कुशवाहा
निशांत माने तो जदयू से एक डिप्टी सीएम, नहीं तो दो
अगर नीतीश के बेटे निशांत कुमार सरकार में आने को मान गए तो जदयू से एक डिप्टी सीएम वही बनाए जाएंगे। अगर वे नहीं माने तो बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी, श्रवण कुमार और सुनील कुमार में कोई दो नेता डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं।
अब तक की चर्चाओं के अनुसार बुधवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह छोटा ही होगा। इसमें भाजपा से मुख्यमंत्री शपथ लेगा, जबकि जदयू से डिप्टी सीएम को शपथ दिलाई जा सकती है। फिर विधानसभा में नई सरकार अपना बहुमत पेश करेगी, उसके बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है।
अभी किस पार्टी से कितने मंत्री
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद जब नवंबर में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ था, तब सीएम के अतिरिक्त कैबिनेट में दो डिप्टी सीएम समेत कुल 27 मंत्री बनाए गए थे। इनमें भाजपा से 14, जदयू से 8, लोजपा-आर से दो और हम एवं आरएलएम से 1-1 मंत्री बनाए गए थे। जदयू कोटे से कुछ पद खाली रखे गए थे। चर्चा है कि आगामी कैबिनेट में इन्हें भर दिया जाएगा।




साइन इन