Celebrations for Maithili Thakur election victory chaos neighbors beaten for bursting firecrackers 50 booked मैथिली ठाकुर की जीत पर जश्न से बवाल, पटाखे छोड़ने पर पड़ोसियों को पीटा; 50 पर केस, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मैथिली ठाकुर की जीत पर जश्न से बवाल, पटाखे छोड़ने पर पड़ोसियों को पीटा; 50 पर केस

दरभंगा के अलीनगर से लोक गायिका एवं भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के चुनाव जीतने के बाद अररिया जिले के भरगामा में पटाखे छोड़ रहे युवकों की पिटाई होने से बवाल हो गया।

Sat, 15 Nov 2025 12:03 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, भरगामा (अररिया)
share
मैथिली ठाकुर की जीत पर जश्न से बवाल, पटाखे छोड़ने पर पड़ोसियों को पीटा; 50 पर केस

बिहार के अररिया जिले के भरगामा में लोक गायिका मैथिली ठाकुर की चुनाव में जीत पर जश्न मनाने को लेकर बवाल हो गया। महथावा वार्ड संख्या सात में शुक्रवार की देर शाम पटाखा छोड़कर मैथिली की जीत का जश्न मना रहे युवकों की पड़ोसियों ने पिटाई कर दी। इससे दो युवक घायल हो गए। शनिवार को पीड़ितों के साथ अन्य लोग मथहावा बाजार को बंद करा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पिटाई में घायल घायलों का भरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज कराया गया। घायल युवक प्रेम कुमार एवं सदानंद कुमार देव दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित नरमा के श्यामपुर गांव के रहने वाले हैं। ये दोनों युवक अपने अन्य छह साथियों के साथ सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के महथावा में अजय साह के मकान में किराये पर रहते हैं और अपना निजी कारोबार करता है। अलीनगर में भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर की जीत की खुशी में ये सभी पटाखे छोड़ रहे थे। इसी पर पड़ोसियों ने आपत्ति जताई और विवाद हो गया।

इधर, घटना के दूसरे दिन शनिवार को पीड़ितों के साथ अन्य लोगों ने महथावा बाजार में धरना पर बैठ गए। लोगों को जैसे ही घटना की सूचना मिली सभी आक्रोशित हो गए। इसके बाद क्षेत्र में बवाल की स्थिति हो गई। मामले की गंभीरता को देखते थानाध्यक्ष राजेश कुमार, एसआई रौशन कुमार, एसआई सोनू कुमार व सशस्त्र बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश की।

स्थानीय लोगों ने मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बाजार बंद रखवाने पर अड़े रहे। पीड़ितों ने बताया कि शुक्रवार देर शाम 8:30 बजे वह मैथिली ठाकुर की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए घर के बाहर पटाखा छोड़ रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के युवकों ने लाठी, डंडा और फरसा लेकर उनके किराए के घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

शोर-गुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मध्यस्थता कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसी बीच मकान मालिक ने घटना की सूचना भरगामा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई सोनू कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पूरे मामले की जांच की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:विधायक बनीं 25 साल की मैथिली ठाकुर, विनोद मिश्रा को 11730 वोट से हराया

इधर पीड़ितों के आवेदन पर भरगामा थाना में आठ नामजद एवं 40-50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ शीघ्र ही दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। लेकिन सभी नामजद फरार हैं। खबर लिखे जाने तक महथावा बाजार बंद था। बाजार पुलिस छावनी में तब्दील रहा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।