कई देशों में कारोबार, अरबों के मालिक; कितने अमीर हैं RJD के राज्यसभा प्रत्याशी अमरेंद्र धारी सिंह
बिहार राज्यसभा चुनाव में राजद प्रत्याशी अमरेंद्र धारी सिंह सबसे धनी उम्मीदवार हैं। उनके हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब 243 करोड़ रुपये है। वहीं नीतीश कुमार की संपत्ति 1.66 करोड़ और नितिन नवीन की 1.16 करोड़ रुपये बताई गई है।

बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर दाखिल नामांकन पत्रों से उम्मीदवारों की संपत्ति का ब्यौरा सामने आ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी अमरेंद्र धारी सिंह सबसे धनी उम्मीदवार के रूप में सामने आए हैं। उनके हलफनामे के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 243 करोड़ रुपये है।
अरबों के मालिक हैं अमरेंद्र धारी सिंह
शपथ पत्र के अनुसार अमरेंद्र धारी सिंह के पास लगभग 4.5 लाख रुपये नकद हैं, जबकि 26 करोड़ 68 लाख रुपये बैंक खातों में जमा हैं। इसके अलावा उनके पास 30 करोड़ 11 लाख रुपये के बांड और शेयर हैं। पोस्ट ऑफिस के पीपीएफ खाते में करीब 93 लाख रुपये जमा हैं। वहीं फर्म, कंपनी या ट्रस्ट में उन्होंने लगभग 148 करोड़ 73 लाख रुपये निवेश कर रखे हैं। इस तरह उनकी कुल चल संपत्ति करीब 206 करोड़ 98 लाख 93 हजार रुपये बताई गई है।
राज्यसभा प्रत्याशियों में सबसे अमीर अमरेंद्र
वाहनों में उनके पास टोयोटा क्वालिस और वेन्यू कार है। इसके अलावा 43 ग्राम सोना, लगभग पांच किलो चांदी और करीब 4.5 लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान भी उनके पास है। बिहार से राज्यसभा की सीटों के लिए कुल छह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के पांच उम्मीदवार शामिल हैं, जबकि राजद ने अमरेंद्र धारी सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। संपत्ति के मामले में अमरेंद्र धारी सिंह बाकी उम्मीदवारों से काफी आगे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति करीब 1.66 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि नितिन नवीन की संपत्ति लगभग 1.16 करोड़ रुपये है। जदयू के दूसरे उम्मीदवार रामनाथ ठाकुर के पास 3.12 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं भाजपा उम्मीदवार शिवेश कुमार की संपत्ति करीब 3.70 करोड़ रुपये बताई गई है और उनके पास रिवॉल्वर व राइफल जैसे हथियार भी हैं। एनडीए के पांचवें उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा हैं।
पालीगंज के रहने वाले अमरेंद्र धारी
55 वर्षीय अमरेंद्र धारी सिंह मूल रूप से पटना जिले के पालीगंज स्थित अंइखन गांव के रहने वाले हैं। उनके पास वहां करीब एक हजार बीघा जमीन बताई जाती है। रियल एस्टेट के साथ-साथ उनका फर्टिलाइजर और केमिकल इम्पोर्ट का कारोबार दुनिया के करीब 13 देशों में फैला हुआ है। वे दिल्ली के प्रतिष्ठित गोल्फ क्लब के सदस्य भी हैं, जहां बिहार से गिने-चुने लोग ही सदस्य हैं।
पांचवी सीट पर फंसेगा पेच
अमरेंद्र धारी सिंह अविवाहित हैं और फिलहाल दिल्ली में गरीबों के लिए 200 बेड का अस्पताल बनवा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजद ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर अगड़ी जाति के मतदाताओं को साधने की रणनीति अपनाई है।हालांकि राज्यसभा की पांच सीटों में से चार पर जदयू और भाजपा का पलड़ा भारी माना जा रहा है। असली मुकाबला पांचवीं सीट पर है, जहां नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को जीत के लिए छह अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में इस सीट को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।




साइन इन