पटना में 1 सितंबर से फिर गरजेगा नगर निगम का बुलडोजर, इन इलाकों से हटेगा अतिक्रमण
पटना के हरमंदिर साहिब, गुरुद्वारा, बाललीला, कंगनघाट, गुरु के बाग, मोर्चा रोड, मारूफगंज मोड़ से, मालसलामी से दीदारगंज थाना, अशोक राजपथ, नेहरू पथ समेत कई सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा।
पटना शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए सोमवार से कार्रवाई और तेज होगी। सोमवार से अतिक्रमण हटाने के विशेष अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा। यह 27 सितंबर तक चलेगा। इसे और प्रभावी बनाने के लिए आयुक्त, पटना प्रमंडल, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह के निर्देश पर डीएम पटना डॉ. त्यागराजन एसए और एसएसपी, पटना कार्तिकेय के शर्मा द्वारा नौ टीम का गठन किया गया है। यह एक मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान है जो पटना नगर निगम के छह अंचलों-नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी- के साथ नगर परिषद् खगौल, फुलवारीशरीफ एवं दानापुर निजामत में भी चलाया जाएगा।
नो वेंडिग जोन अतिक्रमणमुक्त होगा
आयुक्त ने सभी एसडीओ, एसडीपीओ को अभियान में व्यवधान उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणकारियों, दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कठोर धाराओं में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को नो-वेंडिंग जोन को शत-प्रतिशत अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए कहा है। थानाध्यक्षों को अतिक्रमण हटाने का विवरण स्टेशन डायरी में भी अंकित करने को कहा गया है। अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। सितम्बर में कहां-कहां अतिक्रमण हटेगा, इसका रोस्टर भी जारी किया गया है।
महत्वपूर्ण जगह चिह्नित, इन्हें रखा जाएगा अतिक्रमणमुक्त
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाया जाना जरूरी है। हरमंदिर साहिब, गुरुद्वारा, बाललीला, कंगनघाट, गुरु के बाग, मोर्चा रोड, मारूफगंज मोड़ से, मालसलामी से दीदारगंज थाना, अशोक राजपथ, नेहरू पथ (आयकर गोलम्बर से शेखपुरा से राजा बाजार), पटना जंक्शन, बोरिंग/बोरिंग कैनाल रोड, कारगिल चौक, गांधी मैदान, राजेन्द्र नगर टर्मिनल क्षेत्र, जेपी गंगा पथ शमिल हैं।
इसके अलावा पटना शहरी क्षेत्र की सभी मुख्य सड़कें- नेहरू पथ, अटल पथ, चितकोहरा पुल, विकास भवन, बोरिंग रोड से डाकबंगला चौराहा होते हुए पटना जंक्शन, राजापुल, चिरैयाटाड़ पुल, राजापुल, राजाबाजार, कारगिल चौक से एनआईटी, गोरिया टोली से जीपीओ, कंकड़बाग रोड, अनिसाबाद, सगुना मोड़ एवं अन्य मुख्य मार्गों को जनहित में अतिक्रमणमुक्त रखना अत्यावश्यक है। इसमें कोई व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आईजीआईएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच, एम्स इत्यादि के आस-पास कोई अतिक्रमण नहीं होना चााहिए।




साइन इन