बिहार में भाई-बहन और जीजा की तिकड़ी ने 400 लोगों को ठगा, साइबर क्राइम का सरगना है इंजीनियर
बिहार में भाई-बहन और जीजा की तिकड़ी ने 400 लोगों को ठग लिया। खास बात यह है कि इनके शिकार बिहार के बाहर रहने वाले लोग भी हुए हैं। इस ठग गिरोह का सरगना जीजा है और वो एक इंजीनियर भी है

पारिवारिक रिश्तों की साझेदारी के जरिए भी अब अपराध के काले धंधे को चलाया ज रहा है। पटना पुलिस ने दो ऐसे मामले पकड़े हैं, जिनमें भाई-बहन और जीजा की तिकड़ी मिलकर गिरोह चलाते थे। मेहंदीगंज थाने के नवनीत नगर में 400 लोगों से ठगी करने वाला भाई-बहन और जीजा का गिरोह पकड़ा गया है। ठगी के शिकार लोग बिहार समेत कई अन्य राज्यों के हैं। बुधवार को साइबर पुलिस ने मेहदीगंज थाने के नवनीत नगर के एक किराए के मकान से तीनों को गिरफ्तार किया। हालांकि ठगी में साथ देनेवाले दो आरोपित फरार हैं। ठगों के पास से तीन मोबाइल,दो आधार,तीन एटीएम, पांच सिमकार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। मुख्य सरगना गौरव राज नालंदा के नवदुर्गा का निवासी और बीटेक है।
इस पूरे मामले को लेकर साइबर डीएसपी नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि मेहदीगंज के नवनीत नगर में कुछ साइबर ठगों के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। गिरोह की खोज के लिए गठित टीम ने बुधवार सुबह छापेमारी कर तीनों शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार ठगों में नालंदा जिले के हाजीपुर नवदुर्गा का गौरव राज, उसकी पत्नी सपना कुमारी तथा उसका साला निखिल कुमार (कंकड़बाग के अशोकनगर वार्ड-11 निवासी) है।
पूछताछ में तीनों ने पुलिस को बताया है कि अलग अलग सिम से लोगों को बैंक से लोन दिलाने, एटीएम का पिन जेनरेट करने, एटीएम कार्ड बनवाने, क्रेडिट कार्ड का लिमिट बढ़ाने समेत कई काम के लिए फोन करते थे। तीनों रोजाना सौ लोगों से संपर्क करते थे। इसमें एक-दो लोग झांसे में आ जाते थे, जिससे वे पैसे की ठगी कर लेते थे। डीएसपी ने बताया कि उनके पासबुक को खंगाला जा रहा है। गौरव राज का भाई और उसका साथी फरार हैं। ये दोनों साथ में ही रहकर लोगों से ठगी करते थे।
इंजीनियर है मुख्य सरगना
इस शातिर गिरोह का सरगना गौरव राज। गौरव राज बीटेक है तथा नौकरी की तलाश में था लेकिन इस बीच उसने लोगों से साइबर ठगी करने लगा। इस कार्य में उसकी पत्नी, साला और भाई भी साथ देते थे। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए साइबर ठगों की संपत्ति जब्त की जाएगी। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से इस बात की जानकारी ली जा रही है कि देश के किन किन राज्यों से लोगों के साथ ठगी की हैं। इससे पहले रूपसपुर थाना क्षेत्र के विजयनगर, रामजयपालनगर में छापेमारी कर 12 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस साइबर ठगों के खिलाफ लगातार सख्त ऐक्शन ले रही है।




साइन इन