BPSC AEDO परीक्षा में कदाचार और पेपर लीक की जांच करेगी ईओयू, एसआईटी गठित
बीपीएससी एईडीओ भर्ती परीक्षा में नकल और कथित पेपर लीक के आरोपों की जांच के लिए ईओयू ने एसआईटी का गठन किया है। मुंगेर और नालंदा जिले से जुड़े मामलों की जांच अब ईओयू की टीम करेगी।

BPSC AEDO Exam: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) प्रतियोगी परीक्षा में कदाचार और पेपर लीक से जुड़े मामलों की जांच आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) करेगी। ईओयू के एडीजी नैय्यर हसनैन खान ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। मुंगेर और नालंदा जिले से जुड़े दो मामलों में ईओयू ने केस दर्ज किया है। ईओयू के एसपी प्रशासन राजेश कुमार के नेतृत्व में 8 सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया गया है।
एसआईटी में एक डीएसपी और पांच इंस्पेक्टर शामिल किए गए हैं। गठित एसआईटी के सहयोग के लिए एसटीएफ के डीएसपी विनय कृष्ण और साइबर सुरक्षा इकाई से दो पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध भी पुलिस मुख्यालय से किया गया है।
ईओयू के एडीजी ने एसआईटी के सभी सदस्यों को साक्ष्य संकलन करते हुए मामले की सही तरीके से जांच के निर्देश दिए हैं। गठित एसआईटी की समीक्षा ईओयू के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लन करेंगे और एडीजी को जांच के बारे में लगातार जानकारी देते रहेंगे।
बीपीएससी का पेपर लीक से इनकार
वहीं, बिहार लोक सेवा आयोग ने एईडीओ भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने से इनकार किया है। आयोग का कहना है कि मुंगेर में पिछले दिनों एईडीओ परीक्षा से एक दिन पहले गड़बड़ी की साजिश रचने के आरोप में 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें 20 अभ्यर्थी और एक केंद्राधीक्षक शामिल हैं। हालांकि, 14 अप्रैल को हुई पहले दिन की परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई।
नालंदा में महिला अभ्यर्थी समेत तीन गिरफ्तार
वहीं, नालंदा जिले में एईडीओ परीक्षा में कदाचार के मामले में एक महिला अभ्यर्थी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को सोहरसराय के एक परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक ने महिला अभ्यर्थी को नकल करते हुए पकड़ा था। इसके बाद उसे परीक्षा से निष्कासित कर दिया था। शनिवार को पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। तीनों से पूछताछ की जा रही है। अब इस मामले की जांच ईओयू को सौंपी गई है। ईओयू की एसआईटी जल्द ही आरोपियों से पूछताछ कर सकती है।
935 पदों पर होनी है भर्ती
बीपीएससी ने पिछले साल सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के 935 पदों पर भर्ती निकाली थी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के बाद इस महीने परीक्षा आयोजित की गई। 14 अप्रैल को एईडीओ भर्ती परीक्षा का पहला दिन था। इसके बाद 15, 17 और 18 अप्रैल को भी इसका आयोजन किया गया। अब सोमवार को एईडीओ एग्जाम होगा। आखिरी दिन की परीक्षा 21 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में अभ्यर्थियों से भाषा और जनरल एप्टीट्यूड से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। एईडीओ का रिजल्ट जून महीने में आने की संभावना है। चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन