भाजपा में नए सीएम पर सस्पेंस जारी, बिहार कोर ग्रुप की बैठक रद्द; दिल्ली से पटना लौट रहे नेता
भाजपा में बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार है। दिल्ली में शुक्रवार शाम को प्रस्तावित बिहार भाजपा कोर ग्रुप की बैठक रद्द कर दी गई है। सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत अन्य नेता दिल्ली से पटना वापस लौट रहे हैं।
Bihar New CM BJP: बिहार में नए सीएम एवं नई सरकार को लेकर को लेकर सस्पेंस बरकरार रहेगा। दिल्ली में बिहार भाजपा के कोर ग्रुप की शुक्रवार शाम को जो बैठक होनी थी, उसे रद्द कर दिया गया है। बैठक में शामिल होने दिल्ली गए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी समेत अन्य नेता वापस पटना लौट रहे हैं। बैठक रद्द होने की कोई खास वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी दोपहर में राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले ली। वह भी पटना लौट गए हैं और दो-चार दिनों में सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा शाम में पटना के लिए निकलने जा रहे। दोनों गुरुवार शाम को ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंच गए थे। बताया गया कि बिहार भाजपा कोर ग्रुप की बैठक प्रदेश पार्टी प्रभारी विनोद तावड़े के दिल्ली आवास पर होनी थी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में होने वाली इस मीटिंग में बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाई जानी थी। इसमें बिहार भाजपा के सभी बड़े नेता शामिल होने वाले थे।
इस बैठक की पूर्व में कोई औपचारिक सूचना वैसे नहीं दी गई थी। हालांकि, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, संजय सरावगी, संजय जायसवाल, दिलीप जायसवाल समेत प्रदेश के सभी प्रमुख भाजपा नेता दिल्ली पहुंच गए थे। बैठक का समय शुक्रवार शाम 6 बजे बताया जा रहा था। मगर उससे पहले इसके रद्द होने की भी खबर आ गई।
क्यों रद्द हुई भाजपा की बैठक
भाजपा की ओर से बैठक रद्द होने का कोई कारण फिलहाल नहीं बताया गया है। माना जा रहा है कि भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की व्यवस्तता के चलते बिहार में नए सीएम पर मंथन का फैसला फिलहाल टाला गया है। शाह अभी पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं और चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। आगामी दिनों में यह बैठक होगी या नहीं, इस पर कोई स्पष्टता फिलहाल नहीं है।
14 अप्रैल तक आ सकता है नीतीश का इस्तीफा
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को दिल्ली में राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्होंने खुद गुरुवार को बताया था कि वह 3-4 दिनों में पटना लौटकर सीएम पद छोड़ देंगे और नए लोगों को मौका देंगे। 14 अप्रैल तक उनके द्वारा इस्तीफा दिए जाने की संभावना है। इसी दिन खरमास भी खत्म हो रहा है तो एनडीए की नई सरकार का गठन 15 अप्रैल को हो सकता है।
बिहार में पहली बार भाजपा का सीएम होगा
नीतीश के इस्तीफे के बाद नया मुख्यमंत्री भाजपा से बनना तय है। भाजपा पहली बार बिहार में अपना सीएम बनाएगी। अब तक वह नीतीश कुमार को ही समर्थन देती आई है। भाजपा में सीएम पद की रेस में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, संजय जायसवाल, जनक राम, रेणु देवी, संजीव चौरसिया जैसे नेताओं का नाम भी रेस में है।




साइन इन