Bihar BJP CM Highlights: सांसद बनकर पटना लौटे नीतीश, सीएम पद छोड़ेंगे, भाजपा कोर ग्रुप की बैठक रद्द Nitish Kumar Rajya Sabha Oath Live Updates Bihar CM name BJP meeting Delhi today Samrat Choudhary Nityanand latest news - bihar news
More
Hindi NewsबिहारBihar BJP CM Highlights: सांसद बनकर पटना लौटे नीतीश, सीएम पद छोड़ेंगे, भाजपा कोर ग्रुप की बैठक रद्द

Bihar BJP CM Highlights: सांसद बनकर पटना लौटे नीतीश, सीएम पद छोड़ेंगे, भाजपा कोर ग्रुप की बैठक रद्द

Bihar BJP CM Highlights: बिहार के सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा के सांसद बन गए हैं। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। नए सीएम के नाम पर मंथन के लिए अब दिल्ली में बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक होनी थी, जो रद्द कर दी गई।

Bihar BJP CM Highlights: सांसद बनकर पटना लौटे नीतीश, सीएम पद छोड़ेंगे, भाजपा कोर ग्रुप की बैठक रद्द

Nitish Kumar Rajya Sabha

Ritesh Verma| लाइव हिन्दुस्तान,पटना | Fri, 10 Apr 2026 08:11 PM
हमें फॉलो करें

Bihar BJP CM Meeting Highlights: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बन गए हैं। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण संसद भवन में हुआ, जहां एनडीए और विपक्ष के बड़े नेता भी मौजूद रहे। नीतीश पटना भी वापस लौट गए हैं। 2-4 दिनों में वे बिहार सीएम का पद छोड़ देंगे। नीतीश के बाद भाजपा का मुख्यमंत्री एनडीए सरकार का नेतृत्व करेगा, जिसका नाम तय करने के लिए पार्टी ने दिल्ली में बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए पटना से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश के अध्यक्ष संजय सरावगी समेत अन्य नेता दिल्ली पहुंच गए। मगर अब खबर आ रही है कि यह बैठक रद्द कर दी गई है। सभी नेता वापस पटना लौटने लग गए।

बीजेपी की इस बैठक में नए सीएम के नाम सहमति बनाने की कोशिश होनी थी, जिसके बाद संसदीय बोर्ड बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाती। भाजपा के सीएम के नाम की घोषणा दिल्ली में नहीं हुई तो फिर पटना में बीजेपी विधायक दल के नेता के चुनाव के बाद पर्यवेक्षक ऐलान करेंगे। अभी सम्राट चौधरी बीजेपी विधायक दल के नेता और विजय सिन्हा उप-नेता हैं। दोनों ही नीतीश के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में उप-मुख्यमंत्री हैं।

इस बीच, नीतीश की शपथ के दिन ही राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश को भी सदन में तीसरी पारी मिल गई है। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा में मनोनित किया है। उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा था। नीतीश उनकी जगह पर ही राज्यसभा कैंडिडेट बनकर ऊपरी सदन पहुंचे हैं।

10 Apr 2026, 06:49:47 PM IST

Bihar BJP CM LIVE: सम्राट चौधरी भी पटना लौटे

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी दिल्ली से पटना लौट गए हैं। दिल्ली में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक रद्द होने के बाद एक-एक कर बिहार के नेता पटना आ रहे हैं। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के भी थोड़ी देर में पटना एयरपोर्ट पहुंचने की संभावना है।

10 Apr 2026, 06:03:03 PM IST

Bihar BJP CM LIVE: सांसद बनकर पटना लौटे नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली से पटना लौट गए हैं। राज्यसभा पद की शपथ लेने के बाद वे पटना के लिए रवाना हो गए थे। अब दो-तीन दिनों में वे सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद एनडीए की नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा।

10 Apr 2026, 05:20:47 PM IST

Bihar BJP CM LIVE: हरिवंश नारायण सिंह ने ली तीसरी बार राज्यसभा की शपथ

हरिवंश नारायण सिंह ने तीसरी बार राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली है। उन्हें इस बार राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनित किया है। उनका कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो गया था। उनकी जगह जेडीयू ने इस बार नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजा। हरिवंश पिछली दो बार जेडीयू से राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए थे। वह 2018 से राज्यसभा के उपसभापति भी हैं।

10 Apr 2026, 04:46:43 PM IST

Bihar BJP CM LIVE: सम्राट चौधरी पटना लौट रहे, विजय सिन्हा की भी 6 बजे फ्लाइट

बताया जा रहा है कि बिहार भाजपा कोर ग्रुप की बैठक रद्द होने के बाद दिल्ली पहुंचे प्रदेश के नेता वापस पटना लौट रहे हैं। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी थोड़ी देर में पटना के लिए रवाना होंगे। दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की भी आज शाम 6 बजे पटना के लिए फ्लाइट पकड़ने वाले हैं।

10 Apr 2026, 04:40:57 PM IST

Bihar BJP CM LIVE: बिहार भाजपा कोर ग्रुप की बैठक रद्द होने की सूचना

टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार बिहार में नए मुख्यमंत्री पर चर्चा के लिए बुलाई गई प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक के रद्द होने की सूचना आ रही है। आज शाम 6 बजे दिल्ली में बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े के आवास पर होनी थी। इस बैठक में शामिल होने के लिए दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई बड़े नेता दिल्ली पहुंच चुके थे। बैठक रद्द होने का कारण अभी सामने नहीं आया है।

10 Apr 2026, 04:37:36 PM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश की राज्यसभा शपथ पर तेजस्वी बोले- भारी दबाव में...

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर तंज कसा है। शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने इसे एक सामान्य औपचारिकता बताते हुए कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या मुख्यमंत्री ने किसी प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है जो इतनी चर्चा हो रही है? तेजस्वी ने दावा किया कि नीतीश कुमार अपनी इच्छा से नहीं बल्कि भारी राजनीतिक दबाव के कारण यह कदम उठा रहे हैं।

10 Apr 2026, 03:45:01 PM IST

Bihar BJP CM Meeting LIVE: अब सबकी नजर दिल्ली में बीजेपी की बैठक पर, सीएम की रेस में जीतेगा कौन?

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार के सांसद पद की शपथ के बाद अब सारा फोकस अगले सीएम और भाजपा के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बनने वाली एनडीए की नई सरकार के गठन पर चला गया है। दिल्ली में बिहार भाजपा के तमाम बड़े नेता मौजूद हैं और यह बैठक पार्टी दफ्तर या राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर हो सकती है। नितिन नवीन विधानसभा चुनाव प्रचार में दिल्ली से बाहर होंगे तो शाम में उनके लौटने के बाद यह बैठक होगी।

10 Apr 2026, 03:28:42 PM IST

Bihar BJP CM Meeting LIVE: बिहार विल मिस यू नीतीश जी; इमोशनल हो गए जीतनराम मांझी

Bihar BJP CM Meeting LIVE: बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने नीतीश कुमार के सांसद की शपथ लेने पर कहा कि बिहार उन्हें हमेशा मिस करेगा। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आज वो नीतीश को राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेने की बधाई नहीं देंगे। बस इतना कहेंगे। “बिहार विल मिस यू नीतीश जी।” मांझी ने कहा कि ये सिर्फ वो नहीं, पूरे बिहार की जनता कह रही है।

10 Apr 2026, 02:58:46 PM IST

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार ने हिन्दी में ली शपथ, देखें वीडियो

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर हिन्दी में शपथ ली। वीडियो नीचे देख सकते हैं.

10 Apr 2026, 02:54:50 PM IST

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार को नितिन नवीन ने बधाई दी

Bihar BJP CM Meeting LIVE: भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर नीतीश कुमार को बधाई दी है। नितिन ने कहा कि सुशासन के प्रति नीतीश की अटूट निष्ठा और सार्वजनिक जीवन का सुदीर्घ अनुभव उच्च सदन की गरिमा को ऊंचाइयां प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में उनके अतुलनीय योगदान और प्रशासनिक दूरदर्शिता से संसद की कार्यप्रणाली और सुदृढ़ होगी।

10 Apr 2026, 02:50:16 PM IST

Bihar BJP CM Meeting LIVE: पीएम मोदी ने दी नीतीश कुमार को बधाई

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके उन्हें बधाई दी है। पीएम ने कहा कि नीतीश देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। पीएम ने भरोसा जताया है कि नीतीश के लंबे अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी।

10 Apr 2026, 02:48:00 PM IST

Bihar BJP CM Meeting LIVE: संजय झा बोले- बिहार को नीतीश का सतत नेतृत्व और मार्गदर्शन मिलता रहेगा

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार की शपथ की तस्वीरें साझा करते हुए जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा है कि राज्यसभा में उनका मार्गदर्शन देश को दिशा देगा, वहीं बिहार को भी उनका सतत नेतृत्व और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

10 Apr 2026, 02:45:13 PM IST

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश ने बिहार को विकास और सुशासन की नई दिशा दी: संजय झा

Bihar BJP CM Meeting LIVE: जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार देश के उन विरले राजनीतिज्ञों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के सभी सदनों का सदस्य रहने का गौरव प्राप्त है। स्पष्ट दृष्टि, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनता के प्रति अथाह समर्पण के साथ नीतीश ने दो दशकों में बिहार को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है। यही कारण है कि बिहार की जनता ने उन्हें बार-बार अपना विश्वास दिया है। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास की भावना के तहत समाज के हर वर्ग तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व पहल उनके नेतृत्व की पहचान रही है। आज बिहार पिछड़ेपन और भय के वातावरण से निकलकर विकास, विश्वास और नई संभावनाओं की ओर तेजी से अग्रसर है।

10 Apr 2026, 02:24:45 PM IST

Bihar BJP CM Meeting LIVE: नीतीश कुमार को सांसद बनने पर सम्राट चौधरी ने बधाई दी

Bihar BJP CM Meeting LIVE: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि नीतीश ने बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। बिहार में सुदृढ़ आधारभूत संरचना, बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, महिलाओं के सशक्तीकरण की प्रभावी पहल और मजबूत कानून-व्यवस्था ने राज्य को नई पहचान दी है। चौधरी ने विश्वास जताया है कि राज्यसभा में उनका अनुभव, दूरदर्शिता और जनहित के प्रति समर्पण देश की नीतियों को नई दिशा देगा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।

10 Apr 2026, 12:33:09 PM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश ने कर ली लालू यादव की बराबरी, चारों सदन में जाने वालों में गिने-चुने ही नाम

राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। लोकसभा, राज्यसभा, बिहार विधानसभा और बिहार विधान परिषद, इन चारों सदनों के सदस्य रहने वाले नेताओं में गिने-चुने नाम ही हैं। जबकि, बतौर मुख्यमंत्री इन चारों सदनों का सदस्य रहने वाले नेताओं की सूची में अब तक लालू यादव ही थे, दूसरे नंबर पर नीतीश कुमार हो गए हैं। सुशील मोदी, नागमणि, उपेंद्र कुशवाहा और रामकृपाल यादव भी चारों सदनों के सदस्य रहे हैं, लेकिन ये सभी मुख्यमंत्री नहीं बने।

पूरी खबर पढ़ें

10 Apr 2026, 12:28:27 PM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: शपथ लेने के बाद वापस अपने दिल्ली आवास लौटे नीतीश कुमार

Nitish Kumar Oath LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद संसद भवन से निकल गए हैं। वह अपने दिल्ली के कामराज लेन स्थित आवास पर लौट रहे हैं। उनके साथ जेडीयू के वरीय नेता भी साथ हैं। शाम में उनका फ्लाइट से पटना लौटने का कार्यक्रम है।

10 Apr 2026, 12:15:24 PM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश कुमार ने ली राज्यसभा सांसद की शपथ

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार औपचारिक तौर पर राज्यसभा सांसद बन गए हैं। उन्होंने शपथ ग्रहण कर ली है। संसद भवन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई।

10 Apr 2026, 12:09:51 PM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: संसद भवन पहुंचे नीतीश कुमार, थोड़ी देर में लेंगे शपथ

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संसद भवन पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में बतौर राज्यसभा सांसद उनका शपथ ग्रहण होगा। भाजपा, जदयू समेत एनडीए के कई नेताओं की मौजूदगी में वह शपथ लेंगे। राज्यसभा के सभापति सह उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन उन्हें शपथ दिलाएंगे। नीतीश ने 16 मार्च को राज्यसभा का चुनाव जीता था, उसके 14 दिनों के बाद बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। राज्यसभा की शपथ लेने के बाद वे पटना लौटेंगे और 2-3 दिन में मुख्यमंत्री का पद भी छोड़ देंगे।

10 Apr 2026, 11:55:12 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: उपराष्ट्रपति दिलाएंगे नीतीश को शपथ

रिपोर्ट्स के अनसार नीतीश कुमार को राज्यसभा सांसद की शपथ उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दिलाएंगे। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी हैं। शपथ ग्रहण संसद भवन में सवा 12 बजे होगा, उनके साथ केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर भी दोबारा राज्यसभा की शपथ लेंगे। नीतीश पहली बार राज्यसभा सांसद बन रहे हैं। पटना लौटकर वह बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे।

10 Apr 2026, 11:45:24 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: दिल्ली आवास से निकले नीतीश कुमार, गाड़ी में सम्राट चौधरी भी

नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेने अपने दिल्ली आवास से निकल गए हैं। आधे घंटे बाद संसद भवन में उनका शपथ ग्रहण होगा। नीतीश के साथ उनकी गाड़ी में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद हैं।

10 Apr 2026, 11:38:41 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के लिए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे हैं। नीतीश थोड़ी देर में राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के लिए निकलेंगे। इससे पहले उनके आवास पर नेताओं का जमावड़ा है। सम्राट भी बिहार भाजपा कोर ग्रुप की आज शाम होने वाली बैठक में शामिल होने दिल्ली आए हैं। सम्राट का नाम नए सीएम की रेस में प्रमुख तौर पर चल रहा है।

10 Apr 2026, 11:34:39 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: आज ही पटना लौटेंगे नीतीश, भाजपा नेतृत्व से मुलाकात नहीं होगी

नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद आज ही शाम को पटना लौट जाएंगे। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात नहीं होगी। पहले कहा जा रहा था कि नीतीश दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।

10 Apr 2026, 11:28:18 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर विजय चौधरी बोले- हम कैसे कह दें

मंत्री विजय चौधरी ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार शपथ लेने के बाद पटना लौटेंगे। फिर 2-4 दिनों में बैठकर, बात करके नीतीश इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में जेडीयू और भाजपा की जो हिस्सेदारी है, उसी तरह की नई सरकार में भी रहेगी। मुख्यमंत्री की जहां तक बात है, एनडीए के विधायक मिलकर अपना नेता चुनेंगे। सम्राट चौधरी को सीएम बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम कैसे यह कह दें, यह एक पार्टी की बात नहीं है, पांच दलों की बात है। विधायक दल की बैठक में सभी दल अपना-अपना प्रस्ताव देंगे, फिर उस पर चर्चा करने के बाद फैसला लिया जाएगा।

10 Apr 2026, 11:21:37 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश का चार दशक लंबा संसदीय जीवन

नीतीश कुमार पहली बार 1985 में बिहार विधानसभा में विधायक बने थे। फिर वह 1989 में पहली बार लोकसबा सांसद बने। 1991, 1996 1998 और 2004 में सांसद रहे। फिर 2024 तक लगातार बिहार विधान परिषद में एमएलसी रहे। नवंबर 2005 में जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो नीतीश ने केंद्र की राजनीति छोड़ राज्य में सत्ता की कमान संभाली। दो दशक तक वह बिहार की सरकार के केंद्र में हे। अब राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं।

10 Apr 2026, 11:02:21 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में सीएम और नई सरकार का फैसला दिल्ली में, बीजेपी की बैठक में आज क्या होगा?

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में नई सरकार का मुख्यमंत्री चुनने की प्रक्रिया में भाजपा ने आज बिहार कोर ग्रुप की बैठक दिल्ली में बुलाई है। पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक से पहले अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य के नेताओं के साथ बैठकर एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

पूरी खबर पढ़ें-

बिहार में सीएम और नई सरकार का फैसला दिल्ली में, बीजेपी की बैठक में आज क्या होगा?

10 Apr 2026, 09:59:17 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश के शपथ के दिन राष्ट्रपति ने हरिवंश को तीसरी पारी के लिए राज्यसभा में कर दिया मनोनीत

Nitish Kumar Oath LIVE: दिल्ली में एक चौंकाने वाले राजनीतिक घटनाक्रम में राष्ट्रपति ने राज्यसभा के उप-सभापति हरिवंश को तीसरी पारी के लिए मनोनीत कर दिया है। नीतीश कुमार ने जेडीयू सांसद हरिवंश को तीसरा मौका नहीं दिया था और उस सीट से खुद चुनकर दिल्ली आए हैं। बिहार में 2022 में नीतीश के महागठबंधन के साथ जाने के बाद हरिवंश जेडीयू के लाइन-लेंथ से बाहर हो गए थे।

पूरी खबर पढ़ें-

हरिवंश फिर बने राज्यसभा सांसद, JDU ने नहीं भेजा तो सरकार ने किया नामित

10 Apr 2026, 09:54:27 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार बीजेपी के कोर ग्रुप की दिल्ली में बैठक आज, सीएम के नाम पर सहमति बनाने की कवायद

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार के अगले सीएम के लिए एक नाम पर सहमति बनाने की कवायद भाजपा में तेज हो गई है। पार्टी ने दिल्ली में बिहार बीजेपी के कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है। पार्टी के प्रमुख नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन यह बैठक लेंगे, जिसमें संजय सरावगी, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय जैसे नेता शामिल हैं।

10 Apr 2026, 09:33:47 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: 14 अप्रैल को नीतीश का इस्तीफा, 15 को शपथ, संसद सत्र से पहले बिहार में नई सरकार?

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में सीएम बदलने की राजनीति का केंद्र दिल्ली बन चुका है। जदयू और भाजपा के तमाम बड़े नेता दिल्ली में जुटे हुए हैं। ताजा चर्चा है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से 14 अप्रैल को इस्तीफा दे सकते हैं और 15 अप्रैल को गांधी मैदान में बीजेपी के सीएम के नेतृत्व में नई सरकार शपथ ले सकती है। 16 अप्रैल से संसद का विशेष सत्र है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए नीतीश दिल्ली में रहेंगे। माना जा रहा है कि संसद सत्र से पहले बिहार में एनडीए सरकार के नेतृत्व परिवर्तन की सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।

10 Apr 2026, 08:26:16 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: सामूहिक प्रगति के लिए समर्पित नीतीश कुमार का सार्वजनिक जीवन प्रेरणा: संजय कुमार झा

Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश कुमार के राज्यसभा पारी की शुरुआत से पहले जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शुक्रवार की सुबह-सुबह एक ट्वीट के जरिए कहा है कि जनसेवा कोई पद नहीं, एक सतत संकल्प है। उन्होंने लिखा है कि नीतीश ने अपने सार्वजनिक जीवन के माध्यम से यही दिखाया है कि सादगी, धैर्य और निरंतर काम के जरिए समाज में वास्तविक बदलाव कैसे लाया जाता है। विकास को राजनीति के केंद्र में रखना और उसे ज़मीन पर उतारना- यही उनकी कार्यशैली की पहचान रही है। चाहे बुनियादी ढांचा हो, सुशासन हो या समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाना- हर क्षेत्र में उनका दृष्टिकोण स्पष्ट और प्रतिबद्ध रहा है। ऐसा सार्वजनिक जीवन, जो व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामूहिक प्रगति के लिए समर्पित हो, हम सभी के लिए प्रेरणा है।

10 Apr 2026, 07:38:56 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे पर रोहिणी आचार्य ने कस दिया तंज

Nitish Kumar Oath LIVE: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्टर शेयर करते हुए नीतीश कुमार पर तंज कसा है और कहा कि 'अवसरवाद' का जवाब जरूर मिलता है। इस पोस्टर में नीतीश की भावुक विदाई दिखाई गई है।

10 Apr 2026, 07:24:14 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री दिल्ली में मौजूद

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा दिल्ली पहुंच गए हैं। भाजपा के दोनों उप-मुख्यमंत्री वहां बीजेपी की कोर कमेटी की अहम मीटिंग में शामिल होंगे। इस बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी। दोनों डिप्टी सीएम भी प्रोमोशन के इंतजार में हैं।

10 Apr 2026, 07:05:32 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: सब कुछ नीतीश कुमार के नेतृत्व में तय हो रहा, नितिन नवीन बोले

Nitish Kumar Oath LIVE: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, है कि एनडीए में कोई मतभेद नहीं है। सब कुछ समय के साथ हो रहा है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि 10 अप्रैल को नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। गठबंधन धर्म का भाजपा ने हमेशा सम्मान किया है। सभी घटक दलों को हम पर विश्वास है। बिहार में सत्ता में बदलाव से जुड़े सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि पूरी प्रक्रिया नीतीश के नेतृत्व में तय हुई है और उसी अनुसार सब चीजें चल रही हैं।

10 Apr 2026, 06:44:28 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में नीतीश के बाद सीएम चुनने के लिए बीजेपी की दिल्ली में बैठक

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार में नीतीश कुमार के बाद एनडीए सरकार चलाने वाले उनके उत्तराधिकारी को चुनने के लिए बीजेपी ने बिहार के प्रमुख नेताओं की कोर ग्रुप मीटिंग दिल्ली में बुलाई है, जिसकी अध्यक्षता पार्टी चीफ नितिन नवीन करेंगे। इस बैठक में चर्चा के जरिए एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश होगी। माना जा रहा है कि सीएम पद पर उसकी ताजपोशी होगी, जिसे पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह इस पद के लिए मौजूदा माहौल में उपयुक्त समझेंगे। रेस में सम्राट चौधरी, नित्यानंद राय समेत कई नाम हैं और ये सारे केंद्रीय नेतृत्व के करीबी गिने जाते हैं।

10 Apr 2026, 06:41:00 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के लिए नीतीश कल शाम में दिल्ली आ गए थे। उनके साथ और उनके बाद बिहार से भाजपा और जदयू के कई नेता दिल्ली आए हैं। नीतीश 16 मार्च को राज्यसभा के सांसद निर्वाचित हुए थे।

10 Apr 2026, 06:38:56 AM IST

Nitish Kumar Oath LIVE: दोपहर 12.15 बजे नीतीश कुमार लेंगे सांसद की शपथ

Nitish Kumar Oath LIVE: बिहार के सीएम नीतीश कुमार दोपहर 12.15 बजे सांसद पद की शपथ लेंगे। राज्यसभा के सभापति और देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन उनको राज्यसभा के सदस्य की शपथ दिलाएंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।