रात के अंधेरे में चोरों की तरह खाली हो रहा राबड़ी आवास, लालू परिवार पर भाजपा का हमला
भाजपा के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि लालू परिवार रात के अंधेरे में चोरों की तरह राबड़ी आवास को खाली कर रहा है। राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से सामान लेकर गाड़ियां निकलने के वीडियो भी वायरल हुए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर रात के अंधेरे में चोरों की तरह सरकारी आवास खाली करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट नीरज कुमार ने गुरुवार को दावा किया कि लालू परिवार ने राबड़ी आवास में कोई खजाना छिपा कर रखा हुआ था, इसलिए दिन के उजाले में घर खाली नहीं किया जा रहा है।
दरअसल, विभिन्न रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के मौजूदा आवास से रात में कुछ सामान की शिफ्टिंग की जा रही है। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें कथित तौर पर राबड़ी आवास से गाड़ियों में पौधे और अन्य सामान दूसरी जगह ले जाते हुए दिखाए गए हैं। आरजेडी की ओर से इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
बता दें कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी फिलहाल पटना में नहीं हैं। लालू का हाल ही में आंखों का ऑपरेशन हुआ है, तो परिवार के अधिकतर सदस्य दिल्ली में हैं। वहीं, तेजस्वी यादव के बीते कई दिनों से पत्नी एवं बेटी के साथ विदेश यात्रा पर होने की चर्चा हो रही है। इस महीने की शुरुआत में विधानसभा सत्र के दौरान उनकी सदन में गैरमौजूदगी पर भी सत्ता पक्ष की ओर से सवाल उठाए गए थे।
भाजपा नेता नीरज कुमार ने शुक्रवार को बयान जारी कर लालू परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "राबड़ी देवी रात के अंधेरे में मकान क्यों खाली कर रही हैं, दिन के उजाले में क्यों नहीं, जनता और मीडिया से आप क्या छिपाना चाह रही हैं? सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग किस तरह आपके यहां हो रहा था, या कोई खजाना छिपा कर रखा हुआ था, जो रात के अंधेरे में चोरों की तरह खाली करना पड़ रहा है। लालू परिवार दिन के उजाले में कोई काम नहीं कर सकता है। यह भ्रष्टाचारी, अपराधी परिवार है। बंगला खाली करने का नोटिस मिला था, फिर फजीहत होने के बाद बंगला खाली किया जा रहा है। याद रखिएगा टोंटी खोलकर नहीं ले जाइएगा।"
नीतीश सरकार में भाजपा कोटे से मंत्री रामकृपाल यादव ने भी शुक्रवार को कहा कि कानून और नियम सबके लिए है। उन्हें (लालू-राबड़ी) नया आवास मिल गया है, उसका आवंटन हो गया है। (मौजूदा आवास) छोड़ देना चाहिए। मुख्यमंत्री के पद पर रहे हैं, जो सुविधा मिलनी चाहिए वो सरकार उपलब्ध करा रही है।
राबड़ी देवी को मिला है नया सरकारी आवास
बिहार में पिछले महीने नई सरकार के गठन के बाद भवन निर्माण विभाग ने विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष के लिए पटना के 39, हार्डिंग रोड वाला सरकारी आवास कर्णांकित कर दिया था। अब राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करना होगा, जिसमें लालू परिवार बीते दो दशक से रहता आया है। इस पर बीते दिनों जमकर राजनीति हुई थी। आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने यह तक कह दिया कि जो करना होगा करेंगे लेकिन डेरा (आवास) खाली नहीं करेंगे।




साइन इन