Bihar Weather Today: भागलपुर, पूर्णिया समेत 10 जिलों में शाम तक आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, पटना में कैसा मौसम?
मौसम विभाग ने गुरुवार शाम तक भागलपुर, पूर्णिया समेत कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के जिलों में आंधी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। गयाजी और नवादा में भी कुछ जगहों पर मौसम बिगड़ने की आशंका है।

Bihar Weather Today: बिहार में भीषण गर्मी के बीच पूर्वी बिहार, कोसी, सीमांचल और मिथिला क्षेत्र में आंधी, बारिश से मौसम बिगड़ गया। बुधवार देर रात के बाद कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बरसात और वज्रपात हुआ। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी कई जगहों पर मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने भागलपुर, पूर्णिया, सुपौल समेत 10 जिलों आंधी, बारिश, ठनका का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अररिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा, मुंगेर, सहरसा और सुपौल जिले में शाम तक आंधी, बारिश का दौर जारी रहेगा। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से खराब मौसम में खुले में ना रहने की अपील की गई है।
गया और नवादा में येलो अलर्ट
इसके अलावा, गयाजी और नवादा में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। गयाजी शहर के अलावा अतरी, खिजरसराय, गुरुआ, टंकुप्पा, डोभी, नीमचक बथानी, परैया, बाराचट्टी, बोधगया, मानपुर, मोहड़ा, मोहनपुर, वजीरगंज और शेरघाटी प्रखंड में मेघगर्जन, वज्रपात और आंधी-बारिश के आसार हैं। वहीं, नवादा जिले के अकबरपुर, नहरहट, नारसीगंज, नवादा, मेसकौर, रजौली, सिरदला और हिसुआ प्रखंड में शाम तक मौसम बिगड़ने की आशंका है।
आज और कल इन जिलों में झमाझम
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के भीतर पूर्णिया जिले के डगरुआ में सर्वाधिक 135.2 मिलीलीटर बारिश हुई। कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, मधेपुरा और अररिया जिले में कई जगहों पर पानी गिरा। सुपौल, बांका, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, शेखपुरा, पश्चिम चंपारण, भागलपुर जिले में भी विभिन्न स्थानों पर आंधी और बरसात का प्रभाव देखने को मिला।
पटना में मौसम का क्या हाल?
दूसरी ओर, दक्षिण बिहार के जिलों में भीषण गर्मी का दौर देखा जा रहा है। राजधानी पटना में गुरुवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 3-4 दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पटना में अगले 4 दिन भीषण गर्मी पड़ेगी। इस दौरान दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है। 25 मई से हल्की बारिश होने पर भीषण गर्मी से फौरी राहत मिल सकती है।
रातें भी गर्म
दक्षिण बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी से रात में भी लोगों की हालत खराब हो रही है। कैमूर में बीती रात को न्यूनतम तापमान सर्वाधिक 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना में भी 29 डिग्री पारा रात में रहा। रोहतास, गयाजी, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद समेत अन्य जिलों में भी रात में लोगों को पसीने छूटते दिखे।




साइन इन