पीएम मोदी और राहुल गांधी के कार्यक्रम में मौसम डालेगा खलल? बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
Bihar Aaj Mausam: मौसम विभाग ने बिहार के गयाजी, मुंगेर समेत 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गयाजी में शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी, तो मुंगेर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कार्यक्रम होने वाला है। ऐसे में मौसम इनके कार्यक्रमों में खलल परेशानी खड़ी कर सकता है।
Bihar Weather Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शुक्रवार को बिहार में होने वाले कार्यक्रमों में मौसम खलल डाल सकता है। मौसम विभाग ने गयाजी और मुंगेर समेत राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गयाजी समेत 5 जिलों में तो अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। पीएम मोदी की बोधगया में रैली होने वाली है, जिसमें 3 लाख लोगों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बिहार वोटर अधिकार यात्रा शुक्रवार को मुंगेर से भागलपुर के सुल्तानगंज तक जाएगी। मौसम विभाग ने मुंगेर समेत अन्य 8 जिलों में भी भारी बरसात का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गयाजी, नवादा, वैशाली, औरंगाबाद लखीसराय के एक दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज और पटना, नालंदा, समस्तीपुर, मुंगेर, कैमूर, खगड़िया, रोहतास, जमुई जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी है। वहीं, अधिकतर जिलों में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान पूरे बिहार में ठनका गिरने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है।
राजधानी पटना में अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार हैं। जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी है। गुरुवार को राजधानी के न्यूनतम तापमान में 0.2, अधिकतम में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राजधानी का न्यूनतम तापमान 27.1 और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में फिर सक्रिय हुआ मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बिहार के मुकाबले दक्षिण बिहार में अधिक बारिश होगी। राज्य में मानसून सक्रिय हो गया है। अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में भारी से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। हालांकि राज्य में सामान्य बारिश की कमी अब भी 27 प्रतिशत है।
(हिन्दुस्तान अखबार के इनपुट के साथ)




साइन इन