गयाजी से पीएम नरेंद्र मोदी बिहार को देंगे 13 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट, जर्मन पंडाल तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गयाजी के मगध विश्वविद्यालय परिसर, बोधगया में शुक्रवार को जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से वे चुनावी साल में बिहार की13 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। पीएम के कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो गई हैं।

विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा होने जा रहा है। पीएम मोदी शुक्रवार को गया जी पहुंचेगे। बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर से वे जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार को करीब 13 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट सौंपेंगे। जनसभा में बिहार के राज्यपाल आरिफ मो. खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन पंडाल तैयार किया गया है, जहां 3 लाख लोगों के आने की संभावना है।
पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए मगध विश्वविद्यालय परिसर में दो मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर कुल 60 अतिथियों और दूसरे पर 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था हुई है। गयाजी के अलावा अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद के अलावा झारखंड के चतरा, कोडरमा आदि जिलों से लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर गयाजी में करीब 150 स्थानों पर चेक प्वाइंट बनाए गए हैं। सुरक्षा को लेकर गया एयरपोर्ट से एमयू परिसर तक सड़क के दोनों किनारे बैरिकेडिंग कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इससे पहले 16 अप्रैल 2024 को गयाजी के गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित गया था। पीएम की शुक्रवार को होने वाली रैली को लेकर लोगों में उत्साह है।
सुबह साढ़े 10 बजे गया एयरपोर्ट आएंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे गया जी एयरपोर्ट आएंगे। यहां से सड़क मार्ग से पीएम मगध विश्वविद्यालय पहुंचेगे। प्रधानमंत्री के स्वागत को राज्यपाल आरिफ मो. गुरुवार शाम पहुंच गए हैं। गया एयरपोर्ट पर शुक्रवार की सुबह राज्यपाल आरिफ मो. खान प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
मुख्य उद्घाटन और शिलान्यास
- गया से नई दिल्ली के लिए अमृत भारत ट्रेन का परिचालन
- बुद्ध सर्किट को जोड़ने के लिए वैशाली से कोडरमा तक ट्रेन का परिचालन
- सिमरिया धाम तक बेहतर संपर्क सुविधा के लिए 1.86 किमी लंबा 6 लेन पुल। इसपर करीब 1,870 करोड़ रुपये की लागत आयी है।
- प्रधानमंत्री लगभग 6,880 करोड़ रुपये की लागत से बक्सर थर्मल पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे
- अमृत 2.0 के तहत औरंगाबाद, बोधगया और जहानाबाद में जलापूर्ति परियोजनाओं का शिलान्यास




साइन इन