Bihar Weather report cold wave continue till one week alert issued for fog temperature fall Bihar Weather: बिहार में अभी एक हफ्ते तक ठंड और शीतलहर का कहर, कोहरे की भी चेतावनी; मौसम का हाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: बिहार में अभी एक हफ्ते तक ठंड और शीतलहर का कहर, कोहरे की भी चेतावनी; मौसम का हाल

Bihar Weather: मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के मैदानी इलाकों में ठंड अभी ठिठुराएगी। रविवार को सुबह के समय सूबे के ज्यादातर शहरों में घने से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा।

Mon, 5 Jan 2026 10:24 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
Bihar Weather: बिहार में अभी एक हफ्ते तक ठंड और शीतलहर का कहर, कोहरे की भी चेतावनी; मौसम का हाल

Bihar Weather: बिहार में एक सप्ताह तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। देश के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी से बिहार में भी सर्द पछुआ का प्रवाह हो रहा है। इससे शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। लोगों को दिन में भी ठिठुरन और कनकनी का एहसास हो रहा है। सोमवार को उत्तर बिहार के कुछ जिलों में शीत दिवस और कोहरे की चेतावनी है। वहीं दक्षिण बिहार में रात के तापमान में गिरावट होगी। इससे प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। राजधानी पटना में सोमवार को सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। आसमान साफ होने की उम्मीद है। राजधानी के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के मैदानी इलाकों में ठंड अभी ठिठुराएगी। रविवार को सुबह के समय सूबे के ज्यादातर शहरों में घने से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। वहीं प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। बिहार का न्यूनतम तापमान 8.2 से 14.5 और अधिकतम तापमान 13.8 से 19.5 डिग्री के बीच रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:'खच्चर खाते' वालों को 15% कमीशन, बैंककर्मियों की भी मिलीभगत; साइबर ठगी का खेल

सबसे कम तापमान 8.2 छपरा और सबसे अधिक तापमान 19.5 डिग्री शेखपुरा में दर्ज हुआ। वहीं सुबह के समय सबसे कम दृश्यता 50 मीटर वाल्मीकिनगर में रही। राज्यभर में 8 से 12 किमी की रफ्तार से बर्फीली हवा चली।

भागलपुर में कल से गुलाबी धूप देगी राहत

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्वी बांग्लादेश और उसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से डेढ़ किमी ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मौसमी कारकों के प्रभाव से सोमवार को जहां आंशिक बदरी के बीच धूप होगी तो वहीं मंगलवार से सात जनवरी के बीच हल्का कोहरा छाया रहेगा। दिन में धूप-छांव के बीच ठंड बनी रहेगी तो वहीं रातों में कनकनी वाली ठंड बनी रहेगी।

पूर्णिया में मौसम का हाल

मौसम विभाग ने पूर्णिया जिले में आगामी सात दिनों के दौरान मौसम शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्णिया में आठवें दिन भी शीतलहर जारी है। 48 घंटे से लगातार बर्फीली हवा चल रही है। न्यूनतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 10 डिग्री हो गया है। शीतलहर के कारण मार्केट में सन्नाटा है। लोग घरों में कैद हैं। लोग कपड़े से खुद को ढंककर बाहर निकल रहे हैं।

हालांकि. अगले 2 से 3 दिनों के दौरान जिले के अनेक स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। इससे सुबह और देर रात के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिसका असर सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ सकता है।

तापमान को लेकर जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। ऐसे में ठंड और शीतलहर का प्रभाव और तेज होने की आशंका है। डॉक्टरों ने ठंड के इस बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए।

मुजफ्फरपुर में कांप रहे लोग

मौसम विभाग ने अगले कुछ और दिनों तक मुजफ्फरपुर जिले में सर्दी का सितम जारी रहने की संभावना जताई है।पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि जेट स्ट्रीम के कारण अभी भी जिले में हिमालय क्षेत्र से आनेवाली बर्फीली हवाओें का जोर बना हुआ है। इस कारण अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रह रहा है। जबकि, न्यूनतम तापमान ने पिछले सप्ताह कई दशकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पछुआ हवा लगातार काफी तेज गति से चलने के कारण कनकनी का अहसास कहीं अधिक हो रहा है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।