Bihar Weather: बिहार में अभी आंधी-बारिश का खतरा नहीं टला, येलो अलर्ट जारी; मौसम का हाल
Bihar Weather: सोमवार को पटना के तापमान में दो डिग्री तक बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है। वहीं मंगलवार को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। रविवार को पटना के अधिकतम तापमान में 3.4 और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई।

Bihar Weather: पटना समेत बिहार में मंगलवार को आंधी-बारिश के आसार हैं। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। सोमवार को पटना के तापमान में दो डिग्री तक बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है। वहीं मंगलवार को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। रविवार को पटना के अधिकतम तापमान में 3.4 और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
मौसम विभाग ने सोमवार को शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है तो वहीं 31 मार्च को बिहार के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 3 अप्रैल तक मौसम शुष्क रह सकता है। इसके बाद 4 अप्रैल को बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिले में एक या दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा इस दिन रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में भी बारिश का पूर्वानुमान है।
तापमान कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 2-3 दिनों के दौरान बिहार के अनेक भागों के अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है। अगले 3-4 दिनों के दौरान बिहार के अनेक भागों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
भागलपुर में कैसा मौसम
बिहार के भागलपुर जिले में दिन में कभी धूप तो कभी छांव वाला मौसम रहा। पछुआ हवा में सूखापन रहा, लेकिन हवाएं गर्मी से सुकून दे रही थी। बावजूद रविवार को दिन में हल्की गर्मी रही तो रात में बही पछुआ हवा ने रात के मौसम को सुहाना कर दिया था। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो मंगलवार को आंधी संग बारिश हो सकती है।
रविवार को अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बीएयू, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि से सोमवार को तापमान में बढ़ोतरी होगी वहीं मंगलवार को आंधी और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
लू से बचाव के लिए रिस्पांस टीम बनी
इधर बिहार में हीट वेव के संभावित खतरे को देखते हुए इससे बचाव के लिए जिला स्तर पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय हो गई हैं, ताकि आपात स्थिति में तुरंत इलाज सुनिश्चित हो सके। जिलों में अस्पताल की क्षमता के अनुसार हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए कम-से-कम पांच डिडिकेटेड बेड की व्यवस्था, पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस, आइस पैक, ठंडा पानी, एंटी डायरियल ड्रग्स, पंखा, कूलर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे। साथ ही सभी प्रखंड स्तरीय अस्पतालों में ये व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने रविवार को कहा कि राज्य में बढ़ती गर्मी और हीट वेब के संभावित खतरे को देखते हुए ने विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू की है।
जलवायु परिवर्तन और लगातार बढ़ते तापमान से हीट संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ा है। जिसमें डिहाईड्रेशन, सिरदर्द, लू, हीट क्रैम्पस सहित ब्रेन स्ट्रोक जैसी स्वास्थ्य समस्या शामिल हैं। इसको ध्यान में रखते हुए सारी तैयारियां की जा रही हैं। पांडेय ने कहा कि सभी अस्पतालों को गर्मी को लेकर सूक्ष्म स्तर पर प्लान तैयार करने और स्वास्थ्यकर्मियों का रोस्टर बनाने का निर्देश दिया गया है। ओपीडी में आने वाले मरीजों की हीट वेव के लक्षणों की जांच अनिवार्य की गई है तथा प्रतीक्षालय में ठंडे पेयजल और कूलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
104 हेल्पलाइन नंबर से मिलेगा परामर्श
पांडेय ने कहा कि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों जैसे संवेदनशील समूहों के लिए में हीट रिलेटेड बीमारियों की प्रभावी रोकथाम और प्रबंधन के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलेगा। आम लोगों को अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए क्या करें और क्या न करें की जानकारी दी जाएगी। वहीं, प्रारंभिक सलाह के लिए 104 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से निःशुल्क परामर्श लेने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एंबुलेंस सेवाओं को मजबूत करते हुए मरीजों को रेफरल सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।




साइन इन