bihar weather alert storms and rain likely in 4 districts within 3 hours severe heatwave warning for 26 districts Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का डबल अटैक, अगले 3 घंटे में 4 जिलों में आंधी-बारिश; 26 में भीषण लू का अलर्ट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का डबल अटैक, अगले 3 घंटे में 4 जिलों में आंधी-बारिश; 26 में भीषण लू का अलर्ट

Bihar Weather News Today: बिहार के 4 जिलों में अगले तीन घंटे के भीतर आंधी-बारिश का अलर्ट है, जबकि 12 जिलों में कल सुबह तक यलो अलर्ट और 26 जिलों में भीषण लू का प्रकोप रहेगा।

Fri, 5 June 2026 07:56 AMJayendra Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का डबल अटैक, अगले 3 घंटे में 4 जिलों में आंधी-बारिश; 26 में भीषण लू का अलर्ट

Bihar Weather Today: बिहार के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों से पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच आज यानी 5 जून 2026, शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने की प्रबल संभावना बन गई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी करते हुए पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी जिलों में अगले दो से तीन घंटों के भीतर तेज बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान आसमान से बिजली गिरने और बादलों के भीषण कड़कने का खतरा जताया गया है, जबकि हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी के इन प्रखंडों में मंडरा रहा है खतरा

मौसम विभाग ने इन चारों जिलों के प्रभावित होने वाले प्रखंडों की सूची भी जारी कर दी है। पश्चिमी चंपारण के बेतिया, नरकटियागंज, रामनगर, लौरिया और चनपटिया समेत 12 प्रखंडों में मौसम खराब रहेगा। वहीं, पूर्वी चंपारण के मोतिहारी, रक्सौल, ढाका, चकिया और सुगौली समेत 23 प्रखंडों में आंधी-पानी का अलर्ट है। इसके अलावा शिवहर जिले के तरियानी चौक और पुरनहिया समेत 5 प्रखंडों तथा सीतामढ़ी के बेलसंड, रून्नीसैदपुर, सुरसंड और सोनवर्षा समेत 13 प्रखंडों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग का यह विशेष अलर्ट फिलहाल अगले दो से तीन घंटों के लिए ही प्रभावी है।

बिहार के 12 जिलों में कल सुबह तक यलो अलर्ट

इसके साथ ही, मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के 12 अन्य जिलों के लिए कल यानी 6 जून की सुबह तक का 'यलो अलर्ट' भी जारी किया है। इसमें सीमांचल और कोसी क्षेत्र के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल के साथ-साथ खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं। इन इलाकों में भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की पूरी आशंका जताई गई है।

पटना समेत 26 जिलों में कोई राहत नहीं

मौसम का दूसरा पहलू यह है कि राज्य के बाकी हिस्से अभी भी भीषण गर्मी से तप रहे हैं। पटना, गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीवान, भोजपुर और बक्सर समेत कुल 26 जिलों में आज पूरे दिन भीषण लू जैसी स्थिति बनी रहेगी। पिछले 24 घंटों में अधिकांश जिलों का पारा 0.2 से 2.5 डिग्री तक चढ़ा है, जिसमें सबसे अधिक बढ़ोतरी शेखपुरा जिले में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात वाले जिलों के लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में सड़कों-पुलों पर सीएम सम्राट सख्त, अफसरों को भी टाइट किया
ये भी पढ़ें:बिहार में सरकारी नौकरी की बहार; 26 हजार कॉलेज शिक्षक और कर्मियों की भर्ती जल्द
ये भी पढ़ें:घरेलू LPG दिल्ली से ₹100 महंगा है बिहार में, हर सिलेंडर पर 700 रुपये का घाटा
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।