Bihar recruits 60000 positions forms Police Didi Home Minister Samrat Choudhary major announcements बिहार में 60 हजार पदों पर भर्ती, पुलिस दीदी का गठन; गृह मंत्री सम्राट चौधरी के बड़े ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में 60 हजार पदों पर भर्ती, पुलिस दीदी का गठन; गृह मंत्री सम्राट चौधरी के बड़े ऐलान

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी  ने बिहार विधानसभा में ऐलान किया कि गृह विभाग में आने वाले समय में 60 हजार पदों पर भर्ती होगी। इनमें से 31000 पदों की बहाली बिहार पुलिस में की जाएगी। इसके अलावा, बिहार पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को आरक्षण भी मिलेगा।

Fri, 20 Feb 2026 06:06 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में 60 हजार पदों पर भर्ती, पुलिस दीदी का गठन; गृह मंत्री सम्राट चौधरी के बड़े ऐलान

बिहार के गृह विभाग में 60 हजार पदों पर भर्ती होगी। राज्य में पुलिस दीदी का गठन किया जाएगा। सभी स्कूलों और कॉलेजों की सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। सूबे के डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विधानसभा में ये घोषणाएं कीं। उन्होंने बिहार में एक नया हाई सिक्योरिटी जेल और भागलपुर में नया मुक्ति कारागार बनाने का भी ऐलान किया।

बिहार विधानसभा में बजट सत्र के दौरान गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि साल 2025 में बिहार में होमगार्ड के 15000 पदों पर बहाली हुई। इनमें से 11438 का नामांकन हो चुका है, बाकी का कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी पुलिस बल में बड़े पैमाने पर भर्तियां होंगी।

उन्होंने कहा कि अकेले पुलिस बल में लगभग 31 हजार कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा 13500 गृह रक्षकों की बहाली होगी। साथ ही राज्य सरकार ने पैरा मिलिट्री फोर्स के जरिए 17 हजार सैप जवानों की नियुक्ति करने का भी फैसला लिया है। इस तरह गृह विभाग में कुल 60 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार विधानसभा में ब्राह्मणवाद पर बवाल, यूजीसी नियमों पर सरकार-विपक्ष भिड़े

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अगलगी की घटनाओं को कम करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। पिछले कुछ सालों में नीतीश सरकार ने इसके लिए व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। अब एआई आधारित फायर प्रीडिक्शन ऑटोमेशन फेस- 2 को लागू किया जाएगा। ताकि अगलगी की घटनाओं की पूर्व में ही चेतावनी मिल सकेगी। फायर इंजीनियरिंग सेल बनाई जाएगी।

जेल में कैदियों से मिलने वालों पर नजर रखेगी सरकार

गृह मंत्री ने कहा कि बिहार की सभी जेलों में सीसीटीवी कैमरे से ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। किस अपराधी को कौन मिलने आया, इसकी जानकारी सरकार के पास रहेगी। बिहार पहला राज्य है, जहां जेल के अंदर बंद कैदी सबसे ज्यादा पढ़ाई करते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में एआई की पढ़ाई मुफ्त, 52 हजार शिक्षकों की बहाली

पुलिस दीदी का गठन

डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में एंटी रोमियो स्क्वॉयड की तर्ज पर बनाई गई अभया ब्रिगेड का पुलिस दीदी के रूप में गठन किया जाएगा। इससे स्कूल और कॉलेजों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। सरकार 1500 स्कूटी और 2500 मोटर साइकिलें खरीदने की कार्यवाही कर रही है। शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वालीं छात्राओं को सुरक्षा मिलेगी।

पुलिस लाइन में बनेगी जीविका रसोई

सम्राट ने कहा कि बिहार की सभी 40 पुलिस लाइन में पटना की तर्ज पर जीविका दीदी की रसोई स्थापित की जाएगी। साथ ही, पुलिस लाइन में रहने वाले कर्मियों के बच्चों की पढ़ाई के लिए वहीं पर स्कूल खोले जाएंगे। सभी पुलिस लाइन में एक-एक स्कूल खुलेगा। इसके अलावा अग्निवीरों को बिहार पुलिस की भर्तियों में आरक्षण दिया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेजस्वी का दावा- नीतीश ने होम छोड़ा तो अपराध बढ़े, सम्राट बोले- फैसले CM ले रहे
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।