बिहार में 5 आईपीएस और 8 डीएसपी का ट्रांसफर, नवगछिया में नए एसपी; पटना सिटी के SDPO को पूर्णिया भेजा
सम्राट सरकार ने बुधवार को 5 आईपीएस और 8 डीएसपी रैंक के पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया। नवगछिया में एसपी को बदला गया है। वहीं, पटना, पूर्णिया समेत अन्य जिलों में कुछ एसडीपीओ भी इधर-उधर किए गए हैं।

बिहार में नई सरकार बनने के बाद तबादलों का दौर जारी है। सम्राट चौधरी सरकार ने एक बार फिर बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल किया है। इसके तहत पांच आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) और 8 डीएसपी रैंक के बिहार पुलिस सेवा के पदाधिकारियों की ट्रांसफर और नई पोस्टिंग का आदेश बुधवार को जारी किया गया। नवगछिया पुलिस जिला में नए एसपी की तैनाती की गई है। वहीं, पटना सिटी के एसडीपीओ-2 को पूर्णिया भेज दिया गया है।
1997 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय सिंह को एडीजी सुरक्षा लगाया गया है, उनके पास एडीजी (बजट, अपील एवं कल्याण) का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। सीआईडी के एसपी आदित्य कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14 में समादेष्टा की पोस्टिंग दी गई है।
वैभव शर्मा नवगछिया के नए एसपी
2012 बैच के आईपीएस आनंद कुमार को डीआईजी सुरक्षा लगाया गया है, उनके पास डीआईजी विधि व्यवस्था का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। नवगछिया के एसपी राजेश कुमार का ट्रांसफर हो गया है। उन्हें आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) में साइबर अनुसंधान एवं अभियान का एसपी बनाया गया है। उनकी जगह 2018 बैच के आईपीएस वैभव शर्मा को नवगछिया का नया एसपी बनाया गया है।
8 डीएसपी का तबादला
इसके अलावा सम्राट सरकार ने डीएसपी रैंक के 8 पदाधिकारियों का भी तबादला किया है। सीआईडी में डीएसपी पद पर तैनात विकास कुमार का विशेष कार्य बल में ट्रांसफर किया गया है। कृष्ण कुमार अब अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की जगह ईओयू में डीएसपी होंगे
पटना सिटी के SDPO को पूर्णिया भेजा
पटना सिटी के एसडीपीओ-2 गौरव कुमार का ट्रांसफर कर उन्हें पूर्णिया भेज दिया गया है। गौरव को पूर्णिया सदर का एसडीपीओ-2 नियुक्त किया गया है।
अनुपेश बने निर्मली के एसडीपीओ
बांका के साइबर क्राइम डीएसपी अनुपेश नारायण का तबादला सुपौल जिले में किया गया है। उन्हें निर्मली का अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) लगाया गया है।
गोपाल कृष्ण मोहनियां के एसडीपीओ
जहानाबाद के साइबर क्राइम डीएसपी गोपाल कृष्ण अब कैमूर जिले के मोहनियां के एसडीपीओ (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी) होंगे।
पूर्णिया में नए ट्रैफिक डीएसपी
पूर्णिया के ट्रैफिक डीएसपी कौशल किशोर कमल का सीआईडी में तबादला हो गया है। उनकी जगह रंजन कुमार सिंह को पूर्णिया का नया ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है।
बिहार में दनादन ट्रांसफर
बिहार में इस महीने दनादन तबादले हो रहे हैं। सम्राट चौधरी के बिहार का नया मुख्यमंत्री बनने और फिर कैबिनेट विस्तार होने के बाद से प्रशासनिक रूप से बड़े स्तर पर फेरबदल किए जा रहे हैं।
राज्य सरकार ने पिछले दिनों दर्जनों आईएएस और आईपीएस से लेकर डीएसपी और बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी किए थे। आने वाले दिनों में और भी ट्रांसफर लिस्ट आने की संभावना है।




साइन इन