संसद सत्र से पहले बिहार में नई सरकार; नीतीश कुमार के इस्तीफा और नए सीएम की शपथ की डेट क्या?
Bihar CM Change Timeline: महिला आरक्षण के लिए संसद के विशेष सत्र से पहले बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। चर्चा है कि नीतीश 14 अप्रैल को इस्तीफा देंगे और 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा।

Bihar CM Change Timeline: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बनने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नई सरकार के गठन की तारीख को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। एक चर्चा सीएम नीतीश कुमार के 13 अप्रैल को इस्तीफा देने और 14 अप्रैल को बीजेपी सीएम की ताजपोशी की है। बिहार में नेतृत्व परिवर्तन टाइमलाइन को लेकर ताजा दूसरी चर्चा है कि नीतीश आंबेडकर जयंती 14 अप्रैल के दिन सीएम पद से इस्तीफा देंगे और उसके अगले दिन यानी 15 अप्रैल को गांधी मैदान में भाजपा के सीएम के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार का गठन होगा। विधायिका में महिलाओं को आरक्षण देने के लिए 16 अप्रैल से संसद का तीन दिन का विशेष सत्र शुरू हो रहा है, जिसमें नीतीश हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि नीतीश संसद सत्र से पहले बिहार में बदलाव की सारी औपचारिकताएं पूरी करवा देंगे।
बिहार में नई सरकार के गठन की सारी गतिविधियां इस समय दिल्ली में शिफ्ट हो चुकी हैं। नीतीश के दिल्ली में होने के कारण जेडीयू के भी कई नेता पटना से वहां जा रहे हैं। जदयू में चर्चा है कि वहां पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ मिलकर सरकार में जदयू कोटे के मंत्रियों की लिस्ट फाइनल करवा सकते हैं, ताकि नीतीश जब पटना लौटें तो सरकार गठन में इसकी वजह से कोई देरी ना हो। माना यह जा रहा है कि अगली सरकार में भी जदयू कोटे से कई पुराने चेहरे बने रहेंगे। नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने के बाद पटना कब लौटेंगे, ये अभी साफ नहीं है। कहा जा रहा है कि पटना लौटने से पहले नीतीश कुमार की बीजेपी के सर्वोच्च नेताओं से मुलाकात हो सकती है, जिसमें नई सरकार के स्वरूप और नए सीएम को लेकर नजरिया का लेन-देन हो।
अगली सरकार का नेतृत्व अपने हाथों में लेकर बिहार में पहली बार मुख्यमंत्री बनाने जा रही भाजपा ने भी बिहार के प्रमुख नेताओं को कोर ग्रुप की बैठक के लिए दिल्ली बुला लिया है। भाजपा कार्यालय में होने वाली इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राज्य के मंत्री दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल जैसे नेता शामिल हो सकते हैं। भाजपा में सीएम पद के लिए चर्चा में कई नाम हैं, लेकिन सम्राट चौधरी का नाम ज्यादा गूंज रहा है। कोर ग्रुप में चर्चा के बाद भाजपा संसदीय बोर्ड नए मुख्यमंत्री का नाम तय कर सकता है, जिसे पटना में विधायक दल की बैठक के जरिए सामने लाया जाएगा।




साइन इन