बिहार जलाओ दल बनाम जालसाजी धोखेबाजी अनलिमिटेड; जेडीयू-आरजेडी में चुनाव से पहले जुबानी दंगल
नीरज कुमार ने कहा है कि आरजेडी का मतलब ही है बिहार जलाओ दल। ये लोग जबतक पावर में तब तक बिहार के खजाने को लूटते रहे। पलटवार करते हुए राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि जालसाजी धोखेबाजी अनलिमिटेड जेडायू का असली मतलब है।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी उठापटक तेज हो गई है। विरोधी दलों के बीच जुबानी जंग जोरों पर है। नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल जेडीयू ने लालू प्रसाद की आरजेडी का नया फुल फॉर्म बताया है तो राजद ने भी पलटवार किया है। सियासत बिहार जलाओ दल बनाम जालसाजी धोखेबाजी अनलिमिटेड तक पहुंच गई है।
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता सह एमएलसी नीरज कुमार ने कहा है कि आरजेडी का मतलब ही है बिहार जलाओ दल। जला दो इस बिहार को। नरसंहार के दौर में ले जाओ। दलितों पिछड़ों का कत्ले आम कर दो, दमन करो। उनकी संपत्ति पर इनके विधायक कब्जा कर लें। इसके लिए उनकी जुबान नहीं खुलती है। परिवारवादी फिर सत्ता पर काबिज होने के लिए आतुर हैं। लेकिन इस बार दाल गलने वाली नहीं है।
तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए नीरज कुमार ने कहा है कि बीस महीने के लिए कहीं चुनाव होता है। बीस माह में बीस काम नहीं कर सकते। पांच वर्षों की कार्ययोजना होती है। ऐसा अज्ञानी तो कहीं नहीं देखा। वे अनुकंपा वाले पॉलिटिशियन हैं। दावा तो कोई भी कर सकता है। राजनीति में पटाखा छोड़ने का अधिकार सबको है।
राजद ने जेडीयू के इस बयान पर पलटवार किया है। पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि जेडीयू की परेशानी समझ सकते हैं कि क्यों बढ़ी है। दरअसल भारत जलाओ पार्टी,बीजेपी के लोग उन्हें समाप्त करने में लगे हैं। पहले खुद को बचाने का काम करें। लालू प्रसाद यादव को ये लोग बेवजह बदनाम करने में लगे रहते हैं। जालसाजी धोखेबाजी अनलिमिटेड जेडीयू का असली मतलब है। ये लोग राजद को लेकर क्या बयान देंगे। पहले अपना ठीक करें।
पिछले दिनों तेजस्वी यादव ने कहा था कि उन्हें(एनडीए को) 20 साल तक मौका दिया। महागठबंधन को मात्र बीस माह का समय दीजिए, बिहार की सूरत बदल देंगे। तेजस्वी के बयान पर अब तक सियासत हो रही है।




साइन इन