लखीसराय: महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज, विपक्ष पर भाजपा का हमला
लखीसराय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) पर राजनीतिक बयानबाजी बढ़ गई है। भाजपा प्रवक्ता सुषमा साहू ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे इस महत्वपूर्ण बिल का विरोध कर रहे हैं, जो महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस बिल से महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा।

लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए गठबंधन के तत्वावधान में आयोजित प्रेस वार्ता में बिहार प्रदेश प्रवक्ता सुषमा साहू ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम का आयोजन परिसदन में किया गया, जिसमें एनडीए के विभिन्न घटक दलों के महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षों की उपस्थिति रही। प्रेस वार्ता के दौरान सुषमा साहू ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करना देश की महिलाओं का सीधा अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख इस महत्वपूर्ण बिल का विरोध कर रहे हैं।
उनके अनुसार, यह बिल महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में लोकसभा की 543 सीटें निर्धारित की गई थीं, जबकि वर्तमान में देश की आबादी 140 करोड़ से अधिक हो चुकी है। ऐसे में परिसीमन के तहत सीटों की संख्या बढ़ाना आवश्यक है, ताकि महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि सीटें बढ़ेंगी तो महिलाओं की भागीदारी भी स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी। सुषमा साहू ने विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं, जबकि केंद्र सरकार पूरे देश को परिवार मानकर काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला आरक्षण बिल पर जल्द ही ठोस प्रगति देखने को मिलेगी। इस प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य नारी सशक्तिकरण, सम्मान और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना बताया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन