बिहार में लौटेगा बीट पुलिसिंग का दौर, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा; जानें क्या है पुलिस का नया प्लान?
Bihar Beat Policing: बिहार के सभी जिलों में कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए बीट पुलिसिंग दोबारा शुरू हो रही है। इसमें 20 फीसदी बीट की कमान हाई-टेक महिला सिपाहियों को सौंपी जाएगी।
Bihar Beat Policing: बिहार में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने और अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरने के लिए राज्य सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। सूबे के सभी जिलों में जल्द ही 'बीट पुलिसिंग' प्रणाली की शुरुआत फिर से की जाएगी। इस नई व्यवस्था के लागू होने से थानों के काम करने के तरीके में कई बड़े बदलाव आएंगे और पुलिस अब सीधे जनता के दरवाजे तक पहुंचेगी। पुलिस मुख्यालय के स्तर पर इसकी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसे जमीन पर उतारने के लिए जल्द ही सभी जिलों के एसपी को जरूरी निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। अभी तक पुलिस व्यवस्था मुख्य रूप से पारंपरिक गश्त और रूटीन चेकिंग पर टिकी थी, लेकिन अब हर थाने के इलाके को छोटे-छोटे बीट क्षेत्रों में बांटकर सीधे तौर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
हिस्ट्रीशीटरों और शातिर बदमाशों की अब खैर नहीं
इस नई व्यवस्था का सबसे बड़ा असर अपराधियों पर पड़ने वाला है। बीट पुलिस अफसरों का मुख्य काम अपने क्षेत्र के मिजाज को समझना होगा। बीट प्रभारियों को अपने इलाके के हिस्ट्रीशीटरों, हाल ही में जेल से छूटे शातिर अपराधियों और संदिग्ध लोगों की पूरी लिस्ट अपने पास रखनी होगी। इस व्यवस्था का मूल मंत्र 'जनता के बीच पुलिस, जनता के लिए पुलिस' है। अब पुलिसकर्मी केवल थानों या मुख्य चौराहों पर खड़े नहीं दिखेंगे, बल्कि वे तंग गलियों, मोहल्लों और गांवों के भीतर तक अपनी पहुंच बनाएंगे। इससे आम जनता और पुलिस के बीच का फासला कम होगा और लोग बिना किसी डर के अपनी शिकायतें और खुफिया जानकारियां पुलिस से साझा कर सकेंगे।
महिला सिपाहियों को मिलेगी बीट की कमान
इस नई नीति में महिला सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया गया है। सूबे की 15 से 20 फीसदी बीट की कमान अब सीधे महिला सिपाहियों और महिला पुलिस अधिकारियों को सौंपी जाएगी। बीट संभालने वाली इन महिला और पुरुष सिपाहियों को आधुनिक संसाधनों से पूरी तरह लैस किया जाएगा। उन्हें आने-जाने के लिए बाइक या स्कूटी, बातचीत के लिए आधुनिक संचार उपकरण और जरूरी गैजेट्स दिए जाएंगे ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एक्शन ले सकें। भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि बीट पुलिसिंग के लिए पूरी रूपरेखा तैयार है और मुख्यालय से दिशा-निर्देश मिलते ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।




साइन इन