Bahut Dikkat Hoti Hai Prashant Kishor emotional by school girl pain shared video बहुत दिक्कत होती है; स्कूली छात्रा की पीड़ा से भावुक हुए प्रशांत किशोर, वीडियो शेयर किया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बहुत दिक्कत होती है; स्कूली छात्रा की पीड़ा से भावुक हुए प्रशांत किशोर, वीडियो शेयर किया

प्रशांत किशोर ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया। इसमें एक बच्ची स्कूल की छत नहीं होने से छात्र-छात्राओं को होने वाला दर्द बयां कर रही है।

Mon, 21 July 2025 01:14 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बहुत दिक्कत होती है; स्कूली छात्रा की पीड़ा से भावुक हुए प्रशांत किशोर, वीडियो शेयर किया

जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने लंबे समय बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें एक बच्ची स्कूल का भवन नहीं होने के चलते अपनी पीड़ा बता रही है। पीके ने लोगों से जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं के झांसे में नहीं आने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया तो आने वाली पीढ़ियां उन्हें माफ नहीं करेंगी। बता दें कि जन सुराज पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है।

प्रशांत किशोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सोमवार को एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने दरभंगा जिले के हनुमाननगर के सरकारी स्कूल की एक बच्ची का वीडियो शेयर किया। यह वीडियो एक यूट्यूबर ने बनाया था, जिसका एक अंश पीके ने अपने अकाउंट पर डाला। इसमें बच्ची बता रही है कि स्कूल भवन की छत नहीं होने से बारिश और गर्मी में उन्हें बहुत दिक्कत होती है। बरसात आने पर उन्हें भागकर घर जाना पड़ता है।

पीके का हालिया पोस्ट सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, वह सोशल मीडिया पर बहुत कम सक्रिय रहते हैं। इससे पहले उन्होंने 3 महीने पहले आखिरी बार फोटो पोस्ट किया था, जब वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में कार्यक्रम करने पहुंचे थे। प्रशांत किशोर के भाषणों में फोकस शिक्षा पर होता है। जन सुराज पार्टी का चुनाव चिह्न भी स्कूल बैग रखा गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रशांत किशोर बीमार पड़े, पसली में चोट लगी; आरा की जनसभा से इलाज को पटना रवाना

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने पिछले साल 2 अक्टूबर को जन सुराज पार्टी का गठन किया था। उनकी पार्टी राज्य में अकेले चुनावी मैदान में उतरी है। वह जन सुराज को एनडीए और महागठबंधन का एक विकल्प बता रहे हैं। फिलहाल वे विभिन्न जिलों में घूम-घूम कर प्रचार में जुटे हुए हैं। इससे पहले लगभग 2 सालों तक उन्होंने बिहार के गांवों-कस्बों में पदयात्रा की थी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।