Bahu murder burnt with petrol after fight between Devrani Jethani over cooking food बहू की हत्या कर पेट्रोल से फूंका, खाना बनाने को लेकर देवरानी-जेठानी में हुआ था झगड़ा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बहू की हत्या कर पेट्रोल से फूंका, खाना बनाने को लेकर देवरानी-जेठानी में हुआ था झगड़ा

मधेपुरा जिले में श्रीनगर के रामनगर बाजार में देवरानी और जेठानी के बीच घर में खाना बनाने को लेकर झगड़ा हो गया। देवरानी की उसके पति एवं घर के अन्य लोगों ने मिलकर गला दबा हत्या कर दी। फिर ससुराल वालों ने मिलकर अपनी बहू के शव को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

Fri, 20 June 2025 07:14 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, कुमारखंड(मधेपुरा)
share
बहू की हत्या कर पेट्रोल से फूंका, खाना बनाने को लेकर देवरानी-जेठानी में हुआ था झगड़ा

बिहार के मधेपुरा जिले में घरेलू विवाद में बहू की हत्या कर ससुराल वालों ने उसे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वारदात कुमारखंड के श्रीनगर थाना क्षेत्र में रामनगर बाजार की है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में हुई है। बुधवार को घर में देवरानी और जेठानी के बीच खाना बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद आवेश में आकर पूजा के पति ने उसकी गले में रस्सी का फंदा लकार हत्या कर दी। ससुराल वालों ने हत्या के बाद आनन-फानन में शव को जला दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रामनगर बाजार निवासी दो भाई अनिल साह और सुनील साह की पत्नियों में बुधवार दोपहर को विवाद हो गया था। घर में खाना बनाने को लेकर दोनों बहुएं आपस में झगड़ गई थीं। परिजन ने दोनों को तत्काल समझा कर शांत करा दिया था। फिर शाम में वापस झगड़ा शुरू हो गया। देवरानी और जेठानी में धक्का-मुक्की हुई। बाद में देवरानी पूजा कुमारी के पति सुनील ने अपने परिजन के साथ मिलकर पत्नी के गले में रस्सी का फंदा डाल दिया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

मायके वालों को सूचना देकर ससुराली फरार

बहू की मौत के बाद ससुराल वालों ने घर से थोड़ी दूर पर झाड़ी में पेट्रोल छिड़ककर शव को जला दिया। शव जलने के बाद मृतका के ससुराल वालों ने उसके मायके फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्वालपाड़ा थाना के सुखासन वार्ड 10 निवासी मृतका के पिता मनोज साह, मां किरण देवी, भाई शिवम कुमार रामनगर पहुंच गए। जब तक मृतक के मां बाप और भाई पहुंचते उससे पहले ही पति समेत अन्य ससुराल वाले घर छोड़कर फरार गए। घर में ताला बंद देख आसपास के लोगों से पूछताछ की तो घटना की जानकारी मिली।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुंबई में पति, चचेरे ससुर के साथ बहू फरार, खोजने वाले को 20 हजार देगा हसबैंड

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। 112 डायल पुलिस और प्रभारी थाना अध्यक्ष नागेंद्र सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों से पूछताछ करने के दौरान मृतका के पति को बहियार स्थित बांसबाड़ी की जाने की सूचना मिली। पुलिस बल के जवानों ने खदेड़ कर आरोपी पति को पकड़ लिया। मृतका की मां ने अपने दामाद सुनील साह सहित राजकुमार साह, जेठानी सीता देवी, मट्ठिू साह, श्रवण कुमार के खिलाफ बेटी की हत्या करने औरशव जला देने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया। थानाध्यक्ष राधवेंद्र नारायण ने बताया कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।

फॉरेंसिक टीम पहुंची

रामनगर बाजार में हुई महिला की हत्या मामले में दो सदस्यीय फॉरेंसिक जांच टीम घटना स्थल पर पहुंची। टीम ने गुरुवार को मौके का निरीक्षण किया। शव जलाए जाने वाली जगह पर वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक की गई जांच से महिला की गला दबाने से मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। दूसरी ओर इस घटना से गांव के लोग सकते में हैं। इस घटना की चर्चा हो रही है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।