एटम बम तो पटाखा भी नहीं निकला, हाइड्रोजन बम क्या फोड़ेंगे? BJP ने राहुल गांधी को गैर जिम्मेदार बताया
राहुल गांधी के एटम बम के बाद हाइड्रोजन बम फोड़ने वाले बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी ने उन्हें गैरजिम्मेदार करार दिया है। रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि चुनाव को लेकर अगर कर्नाटक की गणना का उनका दावा एटम बम था, तो वो पटाखा भी साबित नहीं हुआ, तो हाइड्रोजन बम क्या फोड़ेंगे?

पटना में वोटर अधिकार यात्रा के समापन कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 'हाइड्रोजन बम' वाले बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा सांसद और पूर्व कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अगर चुनाव को लेकर कर्नाटक की गणना को लेकर उनका दावा एटम बम था, तो वो तो दिवाली का पटाखा भी साबित नहीं हुआ, तो क्या हाइड्रोजन बम की बात कर रहे हैं। उन्होने राहुल गांधी को गैरजिम्मेदार बताते हुए कहा कि जब भी मैं संसद के बाहर या अंदर राहुल को सुनता हूं तो मुझे ये समझने में समय लगता है कि वह क्या कहना चाह रहे हैं?
राहुल के बयान का हवाला देते हुए रविशंकर ने कहा कि अभी तक दुनिया में हाइड्रोजन बम नहीं फटा है। एटम बम और हाइड्रोजन बम का चुनावों से क्या संबंध है? राहुल गांधी विपक्ष के नेता के रूप में खुद को क्यों नीचा दिखा रहे हैं। देश को समझना चाहिए, राहुल गांधी गैरजिम्मेदार हैं।
आपको बता दें सोमवार को पटना में वोटर अधिकार यात्रा के समापन संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में बीजेपी के लोग यात्रा के दौरान हमें काले झंडे दिखा रहे थे। लेकिन बीजेपी के लोग सुन लें, एटम बम का नाम सुना है, उससे बड़ा हाइड्रोजन बम होता है। माधवपुरा में हमने एटम बम दिखाया था, बिहार में हम हाइड्रोजन बम दिखाएंगे। हाइड्रोजन बम के बाद नरेंद्र मोदी अपना चेहरा इस देश को नहीं दिखा पाएंगे।
भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट चोरी का मतलब अधिकार की चोरी, आरक्षण की चोरी, रोजगार की चोरी, शिक्षा की चोरी, लोकतंत्र की चोरी और युवाओं के भविष्य की चोरी है। आपकी जमीन, आपका राशन कार्ड लेकर किसी और को दे देंगे। महात्मा गांधी की हत्या करने वाली शक्ति अब संविधान की हत्या करने की कोशिश कर रही है। मगर, हम इन्हें संविधान की हत्या नहीं करने देंगे। राहुल ने कहा कि 'वोट चोर, गद्दी छोड़' ये नारा सब जगह चल रहा है। चीन तक पहुंच गया है।




साइन इन