जिसने दो वोटर ID जारी किए, वही सवाल कर रहा; चुनाव आयोग के नोटिस पर तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने दो वोटर आईडी मामले में चुनाव आयोग पर तंज कसा है। आयोग की ओर से मिलने नोटिस पर उन्होंने कहा कि जिसने दो EPIC नंबर जारी किए, वही उनसे सवाल कर रहा है।
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दो वोटर आईडी मामले में चुनाव आयोग द्वारा मिले नोटिस पर प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी ने कहा कि जिसने दो वोटर आईडी (EPIC नंबर) जारी किए, वही हमसे सवाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग की ओर से उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है। बल्कि अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर से नोटिस दिया गया है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता ने कहा कि वह इस नोटिस का अच्छा जवाब देंगे।
पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव गुरुवार को इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले पटना में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के नोटिस के सवाल पर कहा, "दो EPIC नंबर जारी किया गया तो गलती किसकी है। मतलब गलती खुद करे और स्पष्टीकरण हमसे मांगे, यह आजतक हुआ है क्या।" तेजस्वी ने कहा कि वह हमेशा से एक ही जगह पर वोट देते आए हैं।
दरअसल, बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे वोटर लिस्ट रिवीजन के तहत 1 अगस्त को चुनाव आयोग ने मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया था। इसी दिन पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने EPIC नंबर डालकर अपना नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में खोजा। नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि उनका नाम ड्राफ्ट में नहीं मिला और चुनाव आयोग पर उनका नाम काटे जाने का आरोप लगाया।
हालांकि, बाद में आयोग ने सफाई दी कि जिस EPIC नंबर से तेजस्वी अपना नाम खोज रहे थे, वो गलत है। पटना जिला प्रशासन ने मतदाता सूची के प्रारूप में उनका नाम और सही EPIC नंबर भी दिखाया। इसके बाद तेजस्वी पर दो वोटर आईडी रखने का आरोप लगने लगे। प्रशासन की ओर से तेजस्वी को नोटिस भेजकर इस पर जवाब मांगा गया। जवाब न मिलने पर बुधवार को दूसरा नोटिस भी भेजा गया है, जिसमें आरजेडी नेता से उनके द्वारा पीसी में बताया गया वोटर आईडी जमा करने को कहा गया है।




साइन इन