पटना में एक और मर्डर, जमीन विवाद में गुड्डू की घर के बाहर गोली मारकर हत्या
पटना के दुल्हिन बाजार क्षेत्र में आदित्य उर्फ गुड्डू नाम के शख्स की सोमवार को घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताई है। हत्यारों की तलाश की जा रही है।

बिहार की राजधानी पटना में एक और हत्या से सनसनी फैल गई है। वारदात दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के सदावाह में सोमवार सुबह हुई। मृतक की पहचान आदित्य कुमार उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। तीन बंदूकधारियों ने उसके घर के बाहर गोली मारी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गोलीबारी से घायल गुड्डू को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पटना के पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने आपसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि गुड्डू को जमीन विवाद में मारा गया। हालांकि, जांच होने के बाद ही वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बता दें कि बीते कुछ समय से हत्या की वारदातों से पटना चर्चा में है। पिछले दिनों पारस अस्पताल में घुसकर शूटरों ने गैंगस्टर चंदन मिश्रा को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया था। उससे पहले गांधी मैदान इलाके में नामी कारोबारी गोपाल खेमका की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा भी शहर में लगातार फायरिंग और हत्या की वारदातें होती रही हैं, जिससे पुलिस एवं प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।




साइन इन