Anganwadi worker beaten to death in Arwal family members allege raped before murder अरवल में आंगनबाड़ी सहायिका की पीट-पीटकर हत्या, परिजन बोले- रेप भी हुआ, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अरवल में आंगनबाड़ी सहायिका की पीट-पीटकर हत्या, परिजन बोले- रेप भी हुआ

अरवल जिले के करपी में मंगलवार रात को एक आंगनबाड़ी सहायिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजन ने हत्या से पहले अज्ञात लोगों पर महिला के साथ रेप करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Wed, 17 Dec 2025 07:48 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, करपी (अरवल)
share
अरवल में आंगनबाड़ी सहायिका की पीट-पीटकर हत्या, परिजन बोले- रेप भी हुआ

बिहार के अरवल जिले से आंगनबाड़ी सहायिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात करपी के तेलपा थाना क्षेत्र स्थित सूबेदार बीघा गांव की है। आंगनबाड़ी केंद्र राधेनगर की सहायिका 38 वर्षीया शिव कांति देवी की मंगलवार रात पीट पीट कर हत्या कर दी गई। सहायिका सूबेदार बीघा गांव की रहने वाली थी। परिजन ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एफएसएल और डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया गया है।

बताया जा रहा है कि परिजन को जब वारदात की सूचना मिली तो जख्मी सहायिका को लेकर वे उसके अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहर तेलपा में पहुंचे। जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें अरवल सदर अस्पताल ले गए। अरवल से महिला को पटना रेफर कर दिया गया है। बाद में परिवार के लोग महिला को लेकर पटना के मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका शिव कांति देवी के बेटे नीतीश कुमार ने बताया कि मंगलवार को उसकी मां राधेनगर आंगनवाड़ी केंद्र गई थी। वहां से लौटने के बाद मंगलवार दोपहर 3 बजे घर से 100 मीटर की दूरी पर जलावन काटने और बकरी बांधने गई थी। रात हो जाने के बाद भी जब वापस नहीं लौटी तो पिता के साथ मां की खोज शुरू की। उन्हें घर से थोड़ी दूर पर खून से लथपथ अवस्था में वह पड़ी मिली।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बक्सर में ताबड़तोड़ फायरिंग कर शख्स की हत्या, गोली लगने से दूसरे की हालत गंभीर

बेटे ने बताया कि घटनास्थल पर खून से सना हुआ एक डंडा पड़ा हुआ था। मां के अंतर्वस्त्र भी थे। परिजन का आरोप है कि दुष्कर्म करने के बाद हत्या करने की नीयत से जबरदस्त पिटाई की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शहर तेलपा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एफएसएल की टीम एवं डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई।

एसपी मनीष कुमार ने भी बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ने बताया कि मौके से खून से सना हुआ एक डंडा पाया गया है, जिससे महिला की पिटाई की गई है। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लगता है। घटनास्थल की जांच की गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल ले जाया गया है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। एसपी ने दावा किया कि इस मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।