Anant Singh attacked heavy firing in Mokama according to reports मोकामा के गांव में गैंगवार; सोनू-मोनू गैंग के लोगों ने अनंत सिंह पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मोकामा के गांव में गैंगवार; सोनू-मोनू गैंग के लोगों ने अनंत सिंह पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

बिहार के बाहुबली नेता एवं मोकामा से पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों और गैंगस्टर सोनू-मोनू के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी में अनंत सिंह बाल-बाल बच गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

Wed, 22 Jan 2025 07:51 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान टीम, मोकामा, पटना
share
मोकामा के गांव में गैंगवार; सोनू-मोनू गैंग के लोगों ने अनंत सिंह पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

बिहार के चर्चित बाहुबली नेता और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह भारी गोलीबारी में बाल-बाल बच गए। मोकामा के पंचमहला थाना क्षेत्र स्थित नौरंगा-जलालपुर गांव में बुधवार को अनंत कुमार सिंह के समर्थकों और अपराधी सोनू-मोनू गिरोह के बीच जमकर गोलीबारी हुई। अनंत सिंह के एक समर्थक उदय यादव को गले में गोली लगी है। पटना के एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया है। घटना के बाद नौरंगा गांव पुलिस छावनी में तब्दील है। बाढ़ क्षेत्र के डीएसपी गांव में कैंप कर रहे हैं।

डीएसपी के मुताबिक दोनों ओर से लगभग 20 राउंड फायरिंग हुई है। वहीं सूत्रों की मानें तो 70 राउंड से अधिक गोलियां चली हैं। जानकारी के अनुसार सगे भाई सोनू-मोनू गिरोह ने गांव में एक परिवार के साथ जमकर मारपीट की और घर से बाहर कर ताला जड़ दिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक अनंत सिंह उसके घर पहुंच गए।

अनंत सिंह को घर पर देख दोनों भाइयों ने फायरिंग शुरू कर दी। बाढ़ डीएसपी राकेश कुमार ने सोनू-मोनू के घर पर ही फायरिंग की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से तीन खोखे भी बरामद किए हैं। फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है। कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। पुलिस की मानें तो जिस घर पर गोली चली है उसके मालिक की लिखित शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सीधे सोनू-मोनू के घर पहुंच गए थे अनंत सिंह, फिर हो गई गोलियों की बौछार

कई गाड़ियों से पहुंचे थे पूर्व विधायक

पूर्व विधायक अनंत सिंह कई गाड़ियों से अपने समर्थकों के साथ नौरंगा-जलालपुर गांव पहुंचे थे। आरोप है कि अनंत सिंह को अपने घर पर आता देख सोनू- मोनू गोलियां चलाने लगे। यह देख अनंत सिंह के समर्थकों ने बचाव में जवाबी फायिरंग की। गोलीबारी के दौरान आसपास के ग्रामीण घरों में छिप गये। गोलीबारी खत्म होने के बाद पूर्व विधायक बाढ़ के लिए रवाना हो गये। वहीं फायरिंग थमते ही ग्रामीणों की भीड़ सड़क पर उतर गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अनंत सिंह का देसी अंदाज, 'लाडला' घोड़े के साथ मैदान में उतरे; घुड़दौड़ भी देखा

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव

पूर्व विधायक और सोनू-मोनू गिरोह के बीच फायरिंग की खबर मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। बाढ़ डीएसपी के अलावा कई थानेदार मौके पर मौजूद थे। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि अनंत सिंह दबंग छवि के नेता और इलाके के जाने-माने बाहुबली हैं। उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। साल 2022 में उन्हें एके-47 मामले में 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद उन्हें पटना के बेऊर जेल भेजा गया था। जुलाई 2022 में उनकी विधायकी रद्द हो गई थी। इसके बाद मोकामा में हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने जीत दर्ज की थी। पटना हाई कोर्ट ने पिछले साल एके-47 केस में अनंत सिंह को बरी कर दिया था। इसके बाद वे जेल से बाहर आ गए थे।

बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। अनंत सिंह मोकामा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन को मजबूत करने में लगे हुए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस सीट से अनंत सिंह एक बार फिर मैदान में उतर सकते हैं। फिलहाल उनकी नजदीकियां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू से है। चुनाव में कुछ महीनों का वक्त है। अनंत सिंह किस पार्टी के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे? क्या वे खुद लड़ेंगे, या पत्नी या किसी और को लड़ाएंगे? इसका जवाब आने वाले समय में ही मिल पाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।