छुट्टी पर आए आईटीबीपी जवान की पीट-पीटकर हत्या, बिहार के इस जिले की वारदात
मामले में करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है जिनमें से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपसी रंजिश में जवान को पीट कर मार डाला गया।

बड़ी खबर बिहार के गया जी से है जहां एक पारा मिलिट्री जवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जिले के वजीरगंज में आईटीबीपी के जवान 30 वर्षीय संजय कुमार की लाठी डंडे से पीट कर बदमाशों ने मर डाला। इस मामले में करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है जिनमें से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना गुरुवार देर रात की है जिसे लेकर इलाके में सनसनी फैल गई है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के बिहिआईन गांव में गुरूवार की रात छुट्टी पर आए 30 वर्षीय आईटीबीपी जवान संजय कुमार की पीटकर हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व की रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। मृतक संजय कुमार के चचेरे भाई मुकेश यादव ने बताया कि चार दिन पूर्व चचेरे भाई बिट्टू कुमार के साथ उन्हीं हमलावरों ने गया में मारपीट की थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव व्याप्त था। दो दिन पूर्व छुट्टी पर घर आए मृतक संजय गुरूवार की रात लगभग आठ बजे अपने ड्राइवर को खाना पहुंचाकर वापस बाइक से अपने घर आ रहे थे तभी उनका बाइक महेन्द्र यादव के घर के पास फिसल गया। उसी समय हमलावर संजय यादव एवं ललेन्द्र यादव सहित अन्य ने खटिया के पाटी और पौउआ से सर पर वार कर दिया, जिससे उनकी घटना स्थल पर मौत हो गई।
जितेन्द्र यादव के बड़े पुत्र मृतक संजय कुमार देहरादून में कार्यरत थे, जिनका छत्तीसगढ़ में तबादला हुआ था। दो दिनों के बाद वे ड्यूटी जाने वाले थे। वे वर्ष 2011 से आईटीबीपी में कार्यरत थे जिनका विवाह वर्ष 2012 में हुआ था, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं है। उनका एक छोटा भाई अजय कुमार हैं। परिजनों के अनुसार संजय कुमार का किसी से कोई विवाद नहीं था, लेकिन पारिवारिक विवाद में उनकी हत्या कर दी गई। शव घर आने पर पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि परिजनों से मिले बयान के अनुसार पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है एवं चार लोगों को पकड़कर थाने लाया गया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपूर्द कर दिया गया है।




साइन इन