नीतीश के बाद का सीएम सारे दल मिलकर चुनेंगे; BJP बोली- अभी NDA में चर्चा नहीं, कोई विवाद भी नहीं
नीतीश कुमार के बाद बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर एनडीए में अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। भाजपा ने कहा कि नया सीएम सभी घटक दल मिलकर चुनेंगे, सत्ताधारी गठबंधन में इस पर कोई विवाद भी नहीं है।
नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। राजनीतिक चर्चाओं में नए सीएम को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। भाजपा के बिहार प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने गुरुवार को कहा कि नया मुख्यमंत्री कौन होगा, यह एनडीए में अभी चर्चा का विषय भी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए के विभिन्न घटक दलों के भीतर मुख्यमंत्री के नाम को लेकर विवाद नहीं है। पार्टी का कहना है कि नए सीएम का चयन सभी घटक दलों के शीर्ष नेता मिलकर तय करेंगे।
पूर्व भाजपा विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री का नाम एनडीए का शीर्ष नेतृत्व सामूहिक रूप से तय करेगा, जो सबको मान्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विषय एनडीए के लिए चर्चा का केंद्र नहीं हो सकता है।
नीतीश राज्यसभा जा रहे, अप्रैल में एनडीए की नई सरकार
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। 16 मार्च को उन्होंने राज्यसभा का चुनाव जीत लिया। अगले महीने औपचारिक रूप से सांसद बनने के बाद वे बिहार का सीएम पद छोड़ देंगे। 10 अप्रैल तक बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलने की संभावना है। राज्य में एनडीए की सरकार का भी नए सिरे से गठन किया जाएगा।
नए सीएम पर अटकलें
सियासी गलियारों में चल रही चर्चाओं के अनुसार बिहार में पहली बार भाजपा अपना सीएम बना सकती है। विधानसभा में अभी बीजेपी 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। दूसरे नंबर पर नीतीश की जदयू है, जिसके 85 विधायक हैं।
नीतीश के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद बिहार में नए सीएम के नामों पर अटकलें तेज हो गईं। भाजपा से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के अलावा दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री दिलीप जायसवाल एवं मंगल पांडेय समेत अन्य कई नेताओं का नाम रेस में चल रहा है।
जेडीयू में निशांत के लिए बन रहा माहौल
दूसरी ओर, नीतीश की पार्टी जेडीयू में भी सीएम पद के लिए निशांत कुमार के लिए माहौल बनाया जा रहा है। नीतीश के राज्यसभा नामांकन के बाद उनके बेटे निशांत ने राजनीति में कदम रखा। इसके बाद से वे लगातार सक्रिय हैं। निशांत जहां भी जा रहे हैं, वहां जेडीयू के कार्यकर्ता उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए नारेबाजी कर रहे हैं।
पटना में पार्टी नेताओं ने निशांत बिहार सीएम के पोस्टर भी लगाए। वहीं, राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अगर नीतीश के बाद बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनता है तो जेडीयू कोटे से निशांत को नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन