पूर्णिया में पांच लोगों की हत्या से ठीक पहले का वीडियो आया सामने, तंत्र-मंत्र करता दिखा नकुल
पूर्णिया में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या से ठीक पहले का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में मुख्य आरोपी नकुल तंत्र मंत्र से एक बच्चे को ठीक करने की कोशिश कर रहा है। बच्चे की मौत के बाद ही पांच लोगों की हत्या को अंजाम दिया गया था।

बिहार के पूर्णिया में रानीपतरा के टेटगामा में पांच लोगों की बर्बरता से हत्या और शवों को जलाने का मुख्य आरोपी नकुल उरांव के तंत्र विद्या का एक वीडियो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने घर में गांव के रामदेव उरांव के आठ वर्षीय बेटे सुमित कुमार को तंत्र विद्या के जरिए ठीक करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। सुमित की मौत के बाद ही नकुल ने बाबूलाल उरांव के परिवार के पांच लोगों की हत्या की साजिश रची। बाबूलाल की पत्नी सीता देवी को डायन बताकर लोगो को गुमराह किया और बर्बर हत्याकांड को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि नकुल पांच साल पहले मजदूरी करता था। टेटगामा गांव में सड़क के किनारे दुकान भी खोली। चाय की दुकान को कुछ ही दिनों बाद लेलहा होटल बना दिया। आसपास के ईट भट्टा में काम करने वाले मजदूर और मिट्टी ढुलाई करने वाले ट्रैक्टर चालकों के कारण लेलहा होटल चलता था।
दुकान चलाने के दौरान ही नकुल उरांव का संपर्क मिट्टी माफिया से हुआ। इसके बाद मिट्टी कटाई का काम शुरू कर दिया। धीरे धीरे मिट्टी मफिया के साथ-साथ जमीन का कारोबार भी करने लगा। इसी बीच नकुल उरांव अपने घर में मां बिषहरी की पूजा पाठ के तरफ ध्यान देने लगा और तांत्रिक गतिविधि में कुछ समय देने लगा। गांव में उसकी दबंगई धीरे धीरे बढ़ने लगी। वह बाबूलाल उरांव की पत्नी सीता देवी पर आरोप लगाने लगा कि वह डायन है। गांव में जो भी घटना होती है वो सीता देवी करती है।
नकुल ने उरांव के लगभग सभी लोगों को अपने पक्ष में कर लिया। गांव में नकुल उरांव का दबदबा इतना बढ़ गया कि अब उसके खिलाफ कोई आवाज नहीं उठाता था। चार दिन पहले गांव के रामदेव उरांव का आठ साल का बेटा सुमित कुमार बीमार हो गया और बाद में उसकी मौत हो गयी। इसके बाद नकुल ने गांव के लोगों को अपने पक्ष में कर लिया और सुनियोजित तरीके से रविवार रात बाबूलाल उरांव के घर पर हमला कर परिवार के पांच सदस्यों की बेरहमी से हत्या करके शवों को जला दिया।




साइन इन