बिहार में पहली बार 60 लाख उपभोक्ताओं का जीरो बिजली बिल आया, आंकड़ा और बढ़ेगा
125 यूनिट फ्री बिजली योजना लागू होने के बाद पहली बार 60 लाख उपभोक्ताओं का बिजली बिल जीरो आया है। ऊर्जा विभाग के अनुसार अगस्त महीने में अभी और बिल आने बाकी हैं, ऐसे में शून्य बिजली बिल की संख्या और बढ़ेगी।

बिहार में चुनावी साल में नीतीश सरकार ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना लागू कर दी है। इसका फायदा अब बिजली उपभोक्ताओं को मिलना शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले जुलाई महीने में मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी और कैबिनेट से इस प्रस्ताव को पारित भी करा दिया गया। बिजली उपभोक्ताओं को यह लाभ जुलाई महीने से ही दे दिया गया। अब इस महीने पहली बार बिहार में 60 लाख घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली बिल जीरो आया है। ऊर्जा विभाग के अनुसार यह आंकड़ा अभी और बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यभर के बिजली उपभोक्ताओं से संवाद कर उन्हें मुफ्त बिजली योजना के फायदे गिनाए। इस कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग की ओर से जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 80 लाख घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिल बांटे गए हैं। इनमें से 60 लाख परिवारों का बिजली बिल शून्य आया है। अभी और भी बिल जेनरेट होना बाकी हैं, उनमें भी बड़ी संख्या में जीरो बिजली बिल होंगे।
महिलाओं ने मुफ्त बिजली के लिए सीएम का जताया आभार
सभी जिलों से करीब 15 बिजली उपभोक्ता वर्चुअल माध्यम से सीएम के संवाद कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान नालंदा, मुजफ्फरपुर समेत अन्य जिलों की चुनिंदा महिलाओं ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बिजली मुफ्त करने से उन्हें खुशी है। वे इससे होने वाली बचत का पैसा अपने बच्चों को पढ़ाने और अन्य कामों में लगाएंगे।
1.67 करोड़ परिवारों का बिजली बिल शून्य आएगा- सम्राट चौधरी
संवाद कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के 1.87 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि इनमें से 1.67 लाख परिवारों का बिजली बिल शून्य आएगा, क्योंकि इनका मासिक विद्युत उपभोग 125 यूनिट तक ही है। उन्होंने दावा किया कि कुल मिलाकर राज्य सरकार की ओर से 20 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। हर उपभोक्ताओं पर सब्सिडी के लिए 1000 रुपये खर्च हो रहे हैं।
बिजली फालतू न जलाएं- ऊर्जा मंत्री
ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में लोगों से बिजली का दुरुपयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली का सदुपयोग करें। बिजली का फालतू उपभोग न करें। कुछ लोग दोपहर के समय भी बिना वजह से लाइट जलाकर रखते हैं, ऐसा नहीं करना चाहिए।




साइन इन