5 prisoners absconded from Samastipur court pushed policemen and ran away समस्तीपुर कोर्ट में पेशी पर आए 5 बंदी फरार, पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकले, Bihar Hindi News - Hindustan
More

समस्तीपुर कोर्ट में पेशी पर आए 5 बंदी फरार, पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकले

समस्तीपुर कोर्ट में बुधवार को पेशी पर लाए गए 5 कैदी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकले। इनमें से एक को गार्ड ने दौड़कर पकड़ लिया। बाकी चार भागने में कामयाब रहे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। जिले की सीमाएं सील कर दी गई हैं।

Wed, 28 May 2025 08:16 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज प्रतिनिधि, समस्तीपुर
share
समस्तीपुर कोर्ट में पेशी पर आए 5 बंदी फरार, पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकले

बिहार के समस्तीपुर में पेशी के लिए कोर्ट लाए गए 5 कैदी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकले। इनमें से एक कैदी नागेंद्र कुमार महतो को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि चार अन्य को नहीं पकड़ा जा सका है। पुलिस ने चारों बंदियों की तस्वीर जारी कर गिरफ्तारी के लिए जिले की सीमा सील कर दी और छापेमारी शुरू कर दी है। फरार बंदियों में राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का आरोपी है, जिसे एसटीएफ ने चार महीने पहले गिरफ्तार कर पुलिस को सौंपा था। यह वाकया बुधवार को हुआ, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

अन्य फरार बंदियों के खिलाफ सरायरंजन थाने में आधा दर्जन लूटकांड समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। सभी बंदियों को बुधवार को पेशी के लिए मंडल कारा से कोर्ट कैंपस लाया गया था। बंदियों के फरार होने की सूचना पर कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। एएसपी संजय कुमार पांडेय ने कोर्ट कैंपस पहुंचकर मामले की जांच की।

फरार बंदियों में दो मुजफ्फरपुर एवं दो वैशाली के

फरार बंदियों में वैशाली जिला निवासी चंद्रशेखर राय का पुत्र राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हैदर के अलावा वैशाली के भगवानपुर सहदा गांव निवासी शिवजी सहनी का पुत्र अरविंद सहनी, मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के मुंगौली निवासी शिवनंदन राय का पुत्र मनीष कुमार और इसी गांव के सुरेश राम का पुत्र मनजीत कुमार शामिल हैं। सुरक्षा गार्ड ने लूट मामले में आरोपी वैशाली जिले के दौलतपुर चांदी गांव निवासी किशुन महतो के पुत्र नागेंद्र महतो को खदेड़कर पकड़ लिया।

कोर्ट के हवालात में बंद करने की दौरान हुई घटना

एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि आर्म्स एक्ट केस में राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हैदर की बुधवार को सीजेएम कोर्ट में पेशी थी। पेशी के बाद गार्ड कोर्ट हाजत में बंद करने के लिए लेकर जा रहे थे। गार्ड ने हाजत का ताला खोलकर जैसे ही राजनंदन को अंदर करने का प्रयास किया, दूसरे कैदियों ने ग्रिल पर जोर से धक्का मारा। चोट लगने के कारण गार्ड नीचे गिर पड़ा और पांचों कैदी अलग-अलग दिशा में फरार हो गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में थाने से भागा नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी, रस्सी थामे रह गई पुलिस

हालांकि, शोर मचाने पर गार्ड ने खदेड़कर एक कैदी नागेंद्र कुमार महतो को पकड़ लिया। फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए सीमावर्ती थाना क्षेत्रों की नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मामले में नगर थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। समस्तीपुर के एसपी अशोक मिश्रा ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। बंदियों की गिरफ्तारी के लिए वैशाली और मुजफ्फरपुर पुलिस से सहयोग मांगा गया है। घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।