24 दिन में 35 जनसभाएं, नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा में शुरू किए 15 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों समृद्धि यात्रा के तहत बिहार के विभिन्न जिलों में 15 हजार करोड़ की लागत से 9051 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। बतौर सीएम उनकी यह आखिरी बिहार यात्रा मानी जा रही है।

Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में 15 हजार 498 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट शुरू किए। उन्होंने 24 दिनों में विभिन्न जिलों का दौरा कर 35 जनसभाएं कीं। इस दौरान राज्य भर में कुल 9051 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। इस दौरान वे लोगों से सीधे कनेक्ट हुए और उनकी समस्याओं का निराकरण भी किया। नीतीश की बतौर मुख्यमंत्री संभवतया यह आखिरी बिहार यात्रा है। वह राज्यसभा चुनाव जीत चुके हैं और आगामी दिनों में वे बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद सीएम नीतीश ने बिहार में समृद्धि यात्रा निकालने का फैसला लिया था। जनवरी 2026 में मकर संक्रांति पर्व के बाद नीतीश की यात्रा पश्चिम चंपारण जिले से शुरू हुई थी। जनवरी महीने में उन्होंने पहले और दूसरे चरण की यात्रा कर उत्तर बिहार के जिलों का दौरा किया।
फरवरी में बिहार विधान मंडल का बजट सत्र चलने से उनकी यात्रा पर विराम लग गया। मार्च में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने के बाद नीतीश ने फिर से समृद्धि यात्रा शुरू की और पटना में गुरुवार को इसका समापन हुआ। नीतीश अगले महीने सीएम पद छोड़ सकते हैं। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में उनका राज्यसभा का कार्यकाल शुरू होने की संभावना है।
पटना हाट और बांस घाट का निरीक्षण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना शहर स्थित विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं का निरीक्षण किया और तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। सीएम ने बिहार गौरव पार्क, बांस घाट, पटना हाट, सभ्यता द्वार का निरीक्षण किया और इनके निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को दिए कई दिशा निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद समाधि स्थल के पास निर्माण कराए जा रहे लोकनायक जय प्रकाश नारायण पार्क (बिहार गौरव पार्क) के निर्माण कार्य का जायजा लिया। पटना में बांस घाट के पास लोकनायक जय प्रकाश नारायण पार्क का निर्माण लोकनायक के सम्मान में किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल के पास इस पार्क का निर्माण बेहतर ढंग से कराएं। इस पार्क के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा। इस थीम पार्क के एक तरफ देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का समाधि स्थल है, वहीं दूसरी ओर जेपी गंगा पथ अवस्थित है, यहां का दृश्य काफी मनोरम होगा।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन