घर के बाहर अलाव ताप रहे 15 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या, गोपालगंज में मर्डर से सनसनी
गोपालगंज के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात घर के बाहर अलाव ताप रहे एक किशोर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एसपी ने हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। बदमाशों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

बिहार के गोपालगंज में 15 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात नगर थाना क्षेत्र के खैरटिया गांव में शुक्रवार रात को हुई। मृतक की पहचान चंदन प्रसाद के बेटे आलोक बिन के रूप में हुई है। आलोक अनपने घर के बाहर बैठकर अलाव ताप रहा था। तभी बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
परिजन के अनुसार आलोक अपने घर के बाहर अलाव लाकर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के देसी कट्टे से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही किशोर मौके पर गिर पड़ा और बदमाश फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग वहां दौड़े। घायल किशोर को आनन-फानन में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे। मगर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आलोक के पिता ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजन का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और ना ही किसी प्रकार का विवाद चल रहा था, जिससे हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर सदर एसडीपीओ प्रांजल और नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और टेक्निकल सेल की मदद से बदमाशों की पहचान की जा रही है।




साइन इन