15 Minute Blackout in Patna Purnea Begusarai Kishanganj Katihar Araria turn off lights after siren blows पटना समेत बिहार के 6 जिलों में गुरुवार को 15 मिनट का ब्लैकआउट, सायरन बजते ही बंद कर दें सभी लाइट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पटना समेत बिहार के 6 जिलों में गुरुवार को 15 मिनट का ब्लैकआउट, सायरन बजते ही बंद कर दें सभी लाइट

पटना, बेगूसराय, किशनगंज, अररिया, कटिहार और पूर्णिया जिले में गुरुवार को 15 मिनट का ब्लैकआउट रहेगा। शाम ठीक 7 बजे इन जिलों में सायरन बजाए जाएंगे। इसके बाद बत्ती गुल हो जाएगी। लोगों से भी मोबाइल की टॉर्च या अन्य कोई लाइट नहीं जलाने की अपील की गई है। 

Wed, 13 May 2026 09:46 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
पटना समेत बिहार के 6 जिलों में गुरुवार को 15 मिनट का ब्लैकआउट, सायरन बजते ही बंद कर दें सभी लाइट

राजधानी पटना समेत बिहार के 6 जिलों में युद्ध जैसे हालात में आम नागरिकों को तैयार करने के लिए गुरुवार 14 मई को हवाई हमले का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। इस दौरान पटना, किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया और कटिहार जिले में 15 मिनट का ब्लैकआउट (पू्र्ण अंधेरा) रहेगा। ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल गुरुवार शाम 7 बजे से शाम 7.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। ठीक 7 बजे खतरे का सायरन बजने के साथ ही इन जिलों की बिजली गुल हो जाएगी और परिवहन व्यवस्था ठहर जाएगी। पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी 7 मई को इसी तरह की मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था।

एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, अस्पताल में भी बंद होंगी लाइटें

पूर्वाभ्यास के दौरान आकस्मिक सेवा से जुड़े एयरपोर्ट, रेलवे, बस स्टैंड और अस्पताल आदि जगहों पर भी ब्लैकआउट रहेगा। जिला प्रशासन ने संबंधित प्रशासन को निर्देश दिया है। साथ ही पुलिस-प्रशासन को सार्वजनिक स्थलों पर अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्वाभ्यास की सफलता को लेकर बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल और नागरिक सुरक्षा निदेशालय के महानिदेशक डॉ. परेश सक्सेना ने संबंधित जिलों के अपर समाहर्ता (आपदा) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सायरन बजेंगे, बिजली गुल होगी; पटना समेत बिहार के 6 जिलों में होगा ब्लैकआउट

उन्होंने संबंधित जिलों की सायरन व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए सायरन के लिए चौक-चौराहों पर लगे साउंड सिस्टम, थानों और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का सहयोग लेने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिलों के पदाधिकारी ऊर्जा विभाग से सामंजस्य स्थापित कर ब्लैकआउट की सफलता में सहयोग लेंगे। पदाधिकारी मॉकड्रिल के दौरान अस्पतालों की खिड़कियों पर क्यूबिकल पर्दा या प्राइवेसी कर्टन लगवाना सुनिश्चित करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट सरकार का बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर, नई पॉलिसी में बहुत कुछ है खा

मोबाइल या टॉर्च भी ना जलाएं

आपदा प्रबंधन विभाग प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि 14 मई की शाम सात बजे से 07:15 के बीच होने वाले ब्लैकआउट के दौरान घबराएं नहीं। ब्लैकआउट के दौरान अपार्टमेंट में जनरेटर ना चलाएं। मोबाइल स्क्रीन, टॉर्च या अन्य किसी प्रकाश स्रोत का इस्तेमाल ना कर पूर्ण ब्लैक आउट में सहयोग करें। प्रधान सचिव ने कहा कि किसी भी तरह की संभावित आपदा से बचाव और सुरक्षा के लिए नियमित पूर्वाभ्यास आवश्यक है। इससे आमजन में आपदा प्रबंधन संबंधी जागरूकता का प्रसार होता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।