घर में बैठा था 14 फीट लंबा किंग कोबरा सांप, नागराज को देख परिजन की चीख निकल गई
पश्चिम चंपारण जिले में वीटीआर के एक गांव में बुधवार सुबह घर के अंदर से 14 फीट लंबा किंग कोबरा सांप निकलने से दहशत मच गई। वन विभाग की टीम ने सांप का रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया, इसके बाद घर वालों ने राहत की सांस ली।

बारिश के मौसम में जहरीले जानवरों के रिहायशी इलाकों में आवाजाही बढ़ जाती है। खासकर जंगली क्षेत्र से सटे इलाकों में सांप और बिच्छुओं का खतरा अधिक रहता है। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के एक गांव में बुधवार को जहरीला किंग कोबरा दिखने से अफरातफरी मच गई। लक्ष्मीपुर गांव में स्थित एक घर से 14 फीट लंगा कोबरा सांप निकला। किंग कोबरा को देख घर वालों की चीख निकल गई।
लक्ष्मीपुर गांव वीटीआर के वाल्मीकि नगर क्षेत्र के वन प्रमंडल 2 के तहत आता है। एक जहरीला सांप जंगल से भटककर आबादी वाले गांव में पहुंच गया। बुधवार सुबह ग्रामीण लक्ष्मण राम के घर में किंग कोबरा को देखते ही परिजन घबरा गए। आनन-फानन में इसकी सूचना वाल्मीकि नगर वन कार्यालय को दी गई। इसके बाद स्नेक कैचर शंकर यादव, धर्मेंद्र, मणि भूषण, नीरज, अमरेश और अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
स्नेक कैचर ने घंटों की मशक्कत के बाद किंग कोबरा को पकड़ लिया। सांप का सफल रेस्क्यू कर उसे जटाशंकर वन क्षेत्र के टी-टू में सुरक्षित छोड़ दिया गया। रेंजर श्रीनिवासन नवीन ने बताया कि किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू कर उसे वापस जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। 14 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप निकलने के बाद लक्ष्मीपुर गांव में सुबह कई घंटे तक अफरातफरी मची रही। उसके पकड़े जाने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।




साइन इन