नालंदा कांड में महिला समेत 10 गिरफ्तार, पप्पू यादव पहुंचे; सरेआम गैंगरेप की हुई थी कोशिश
नालंदा जिले के नूरसराय में एक महिला से सरेआम गैंगरेप की कोशिश करने के मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें एक महिला भी शामिल है। वहीं, महिला से छेड़खानी करने वाले तीसरे नामजद आरोपी ने भी सरेंडर कर दिया है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ हुई अमानवीय घटना के मामले में अब तक 10 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पहली बार एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले के नामजद आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपियों के पास से 4 मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। इन्हें जांच के लिए एफएसएल लैब भेजा जा रहा है। सदर डीएसपी-टू संजय कुमार जायसवाल ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
इस मामले में शुरू में पुलिस ने तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। इनमें से अशोक यादव और मतलू उर्फ नवनीत कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। तीसरा नामजद रविकांत कुमार फरार चल रहा था, जिसने गुरुवार को सरेंडर कर दिया। महिला जगनकिशोर पांडेय की पत्नी अनिता देवी को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, रंजन कुमार, सचिन कुमार, दशरथ चौधरी, शैलेश कुमार, डोमन पासवान, सोनू कुमार को पुलिस ने पकड़ा है।
वीडियो वायरल करने वालों पर एफआईआर
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा पीड़ित महिला से बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। इससे पीड़िता की पहचान उजागर हो रही है। इस मामले में आईटी एक्ट की धारा में साइबर थाना में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से घटनाक्रम का वीडियो प्रसारित और सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करने की अपील की है।

पप्पू यादव पहुंचे गांव, पीड़िता को दी आर्थिक मदद
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भी शुक्रवार को नालंदा पहुंचे। उन्होंने गांव में पीड़िता और उसके परिजन से मुलाकात की। सांसद ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। सांसद ने मीडिया से बातचीत में इस घटना को बहुत शर्मनाक बताया और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। एक दिन पहले पप्पू यादव ने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया था।
क्या है मामला?
नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में राशन लेने गई एक महिला से गांव के युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया था। आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया। उसके सीने पर हाथ रखा और उसके कपड़े भी फाड़े। गैंगरेप करने की नीयत से आरोपी उसे ले जाने लगे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाला गया। हालांकि, ग्रामीणों के बीच-बचाव से पीड़ित महिला की इज्जत बच गई।
पीड़ित महिला अपने सास-ससुर के साथ गांव में रहती है। उसका बिहार से बाहर मजदूरी करता है। पीड़िता ने इस घटना के बाद पुलिस थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने तुरंत दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। यह घटना 26 मार्च की रात की बताई जा रही है। तीन दिन पहले इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पूरे देश और प्रदेश में यह मामला छा गया।
कई नेता एवं लोग इसकी तुलना मणिपुर की घटना से करने लगे। विपक्षी नेताओं ने सरकार पर भी हमला बोला। मामला तूल पकड़ने लगा तो एसआईटी का गठन कर पुलिस ने ताबड़तोड़ ऐक्शन शुरू किया। साथ ही सोशल मीडिया से महिला के वायरल वीडियो को हटाने के भी प्रयास किए गए।




साइन इन