वास्तु के अनुसार सुबह उठते ही करें ये काम, दिनभर रहेंगे खुश
वास्तुशास्त्र में सुबह का समय सबसे पवित्र और ऊर्जावान माना गया है। मान्यता है कि जिस तरह दिन की शुरुआत होती है, उसी तरह पूरे दिन का मूड, काम, मन और ऊर्जा प्रभावित होती है। इसलिए सुबह उठते ही कुछ खास आदतें अपनाने से घर में सकारात्मकता बढ़ती है।

वास्तुशास्त्र में सुबह का समय सबसे पवित्र और ऊर्जावान माना गया है। मान्यता है कि जिस तरह दिन की शुरुआत होती है, उसी तरह पूरे दिन का मूड, काम, मन और ऊर्जा प्रभावित होती है। इसलिए सुबह उठते ही कुछ खास आदतें अपनाने से घर में सकारात्मकता बढ़ती है और दिनभर मन हल्का और खुश रहता है। वास्तु विशेषज्ञ बताते हैं कि ये छोटे-छोटे सुबह के नियम जीवन में सुख, शांति और प्रगति लाते हैं। आइए जानते हैं, सुबह उठते ही क्या करना चाहिए-
भगवान का नाम लें-
सबसे पहले, सुबह उठते ही भगवान का नाम लेना और बिस्तर से धीरे-धीरे उठना शुभ माना गया है। यह मन को शांत करता है और दिन की शुरुआत सकारात्मक सोच से होती है। कई लोग अलार्म बजते ही अचानक उठ जाते हैं, जिससे दिमाग और शरीर पर तनाव पड़ता है। वास्तु कहता है कि उठने के बाद दो मिनट शांत बैठकर गहरी सांसें लेने से मन स्थिर रहता है। इसके बाद अपनी हथेलियों को जोड़कर देखना और उन्हें आंखों पर हल्के से लगाना भी शुभ माना गया है। शास्त्रों के अनुसार, हथेली में ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास होता है। इसलिए दिन की शुरुआत हथेली देखकर करने से सौभाग्य बढ़ता है।
इस मंत्र का जप करें-
वास्तु के मुताबिक, सुबह जमीन पर पैर रखने से पहले चटाई या कपड़ा छूना चाहिए। अचानक ठंडी जमीन पर पैर रखने से शरीर की ऊर्जा असंतुलित हो सकती है। बिस्तर से उठने के बाद धरती माता को स्पर्श कर “समुद्र वसने देवी, पर्वत-स्तन-मण्डले। विष्णुपत्नि नमस्तुभ्यं, पादस्पर्शं क्षमस्व मे।।” मंत्र बोलना भी शुभ माना गया है।
स्नान करें-
सुबह जल्दी स्नान कर साफ कपड़े पहनना भी वास्तु में जरूरी बताया गया है। इससे शरीर में ताजगी और मन में स्फूर्ति आती है। नहाने से पहले सरसों के तेल की कुछ बूंदें शरीर पर लगाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।
मीठा खाएं-
वास्तुशास्त्र कहता है कि सुबह का पहला भोजन मीठा या गुड़ का एक छोटा टुकड़ा खाने से दिनभर कामों में सफलता मिलती है।
घर की खिड़कियां खोलें-
वास्तुशास्त्र के अनुसार घर में ताजी हवा और धूप आने देना भी बहुत जरूरी है। जैसे ही आप उठें, कमरे की खिड़की खोल दें ताकि सकारात्मक ऊर्जा अंदर आए और रात की बासी हवा बाहर निकल जाए।
तुलसी के पौधे को करें प्रणाम-
घर से बाहर निकलने से पहले तुलसी के पौधे को प्रणाम करना और पानी देना भी बेहद शुभ माना गया है। यह न केवल धार्मिक मान्यता है बल्कि सकारात्मकता का संकेत भी है।
डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य है और सटीक है। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।




साइन इन