चुनावी हिंसा की तरफ धकेला जा रहा बंगाल, मालदा घटना पर मनोज झा; इस बात पर जताई चिंता
पश्चिम बंगाल में मालदा होस्टेज क्राइसिस पर आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा की प्रतिक्रिया आई है। आरजेडी सांसद ने चिंता जताते हुए कहाकि पश्चिम बंगाल को चुनावी हिंसा की चपेट में धकेला जा रहा है।

पश्चिम बंगाल में मालदा होस्टेज क्राइसिस पर आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा की प्रतिक्रिया आई है। आरजेडी सांसद ने चिंता जताते हुए कहाकि पश्चिम बंगाल को चुनावी हिंसा की चपेट में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहाकि अगर चुनावों पर हिंसा का असर पड़ रहा है तो देश के नेताओं के लिए आईना देखने का वक्त आ चुका है। मनोज झा ने चेतावनी देते हुए कहाकि राष्ट्रीय सामंजस्य के नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती। उन्होंने कहाकि जो भी हुआ वह चिंता का विषय है। आरजेडी सांसद ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहाकि ईडी, सीबीआई, पहले से ही भाजपा के कैंप में है।
मालदा में हुआ क्या था
मनोज झा ने कहाकि मैं बस सभी से यही गुजारिश करना चाहता हूं कि राष्ट्रीय समता की भावना के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। बता दें कि पश्चिम बंगाल के मालदा में एक बड़ा मामला सामने आया था। यहां पर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में जुटे सात न्यायिक अधिकारियों का कई घंटों तक घेराव किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विरोध प्रदर्शन सुबह कालियाचक दो ब्लॉक विकास कार्यालय के बाहर शुरू हुआ और देर रात तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने पहले न्यायिक अधिकारियों से मुलाकात की मांग की और प्रवेश नहीं दिये जाने पर उन्होंने शाम करीब चार बजे प्रदर्शन शुरू किया और कार्यालय परिसर का घेराव किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यालय के अंदर फंसे व्यक्तियों में तीन महिला न्यायिक अधिकारी भी शामिल थीं।
मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा जिले में सात न्यायिक अधिकारियों के घेराव के कथित मुख्य साजिशकर्ता समेत दो लोगों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कथित मुख्य साजिशकर्ता की पहचान अधिवक्ता मोफक्करुल इस्लाम के रूप में हुई है। उसे तब गिरफ्तार किया गया जब वह एक विमान में सवार होने की कोशिश कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि वह कालियाचक कांड का मुख्य साजिशकर्ता है, जिसमें बुधवार रात को सात न्यायिक अधिकारियों का बीडीओ कार्यालय के अंदर कई घंटों तक घेराव किया गया था। वह विमान में सवार होकर भागने की फिराक में था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (उत्तर बंगाल) के. जयरामन ने पत्रकारों को बताया कि मोफक्करुल इस्लाम उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार का रहने वाला है और वर्तमान में कोलकाता में रह रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने मालदा जिले में सात न्यायिक अधिकारियों का घेराव किए जाने की निंदा करते हुए कथित निष्क्रियता को लेकर पश्चिम बंगाल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से मामले की स्वतंत्र जांच कराए जाने का आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य प्रशासन की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि यह घटना राज्य प्रशासन की पूर्ण विफलता को भी उजागर करती है। उसने टिप्पणी की कि पश्चिम बंगाल सबसे अधिक ध्रुवीकरण वाला राज्य है।




साइन इन