Bhabanipur Assembly Election Result 2026 TMC Mamata Banerjee vs Suvendu Adhikari BJP Bhabanipur Result 2026: शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया, भवानीपुर में खेला हो गया, West-bengal Hindi News - Hindustan
More

Bhabanipur Result 2026: शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया, भवानीपुर में खेला हो गया

Bhabanipur Result: भाजपा ने दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता हासिल कर तृणमूल के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। ममता बनर्जी को गृह क्षेत्र में हार से भी बड़ा झटका लगा है, जहां भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें हरा दिया है।

Mon, 4 May 2026 09:23 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता।
share
Bhabanipur Result 2026: शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया, भवानीपुर में खेला हो गया

Bhabanipur Assembly Election Result 2026: पश्चिम बंगाल का राजनीतिक नक्शा बदलने वाली ममता बनर्जी ने न सिर्फ 15 वर्षों के अपने शासन वाले राज्य में सत्ता गंवा दी है, बल्कि उन्हें अपने राजनीतिक गढ़ भवानीपुर में भी करारी शिकस्त मिली। तृणमूल कांग्रेस, सरकार और विचारधारा को एक ही धुरी पर लाने वाली पार्टी प्रमुख के लिए बंगाल में जनता का फैसला केवल चुनावी नहीं है, बल्कि अस्तित्व का सवाल बन गया है। भाजपा ने दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता हासिल कर तृणमूल के 15 साल के शासन का अंत कर दिया है, जबकि राजनीतिक रूप से उसे बनर्जी के गृह क्षेत्र भवानीपुर सीट पर हार से भी बड़ा झटका लगा है, जहां भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।

भवानीपुर की हार ने पिछले विधानसभा चुनाव में बनर्जी की नंदीग्राम सीट पर हार की यादें ताजा कर दीं, जहां शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें हराया था। वर्ष 2021 में बनर्जी नंदीग्राम सीट हार गई थीं लेकिन बंगाल में शानदार जीत दर्ज की थी, जबकि 2026 में वह अपनी सीट भी हार गईं और उन्हें भाजपा के हाथों सत्ता भी गवानी पड़ी। बनर्जी के लिए अब चुनौती सिर्फ चुनावी वापसी की नहीं, बल्कि संगठनात्मक अस्तित्व की भी है।

ममता बनर्जी के लिए परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। 71 वर्ष की आयु में तीन कार्यकाल पूरे करने के बाद वापसी का रास्ता उनके करियर के किसी भी पिछले पड़ाव से कहीं अधिक कठिन प्रतीत होता है। फिर भी, दीदी के नाम से मशहूर ममता बनर्जी की राजनीति का इतिहास प्रतिरोध से ही फलता-फूलता रहा है। सत्ता से बेदखल होने पर बनर्जी उसी शैली में लौटने का प्रयास कर सकती हैं जिसमें तृणमूल को विपक्षी ताकत में परिवर्तित करना और इसकी राजनीतिक शक्ति को फिर से हासिल करना शामिल है।

Bhabanipur Election Result 2026:

10:30 PM: भवानीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शुभेंद अधिकारी ने 15,105 वोटों से जीत दर्ज की है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हार गई हैं, उन्हें 58812 वोट मिले। शुभेंदु के खाते में 73917 वोट आए।

8:30 PM: भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर सीटे से आगे हो गए हैं। 18वें राउंड के वोटों की गिनती के बाद शुभेंदु ने ममता बनर्जी को पछाड़ दिया है। शुभेंदु को अब तक 67239 वोट और ममता को 56245 वोट मिले हैं। इस तरह शुभेंदु 10994 वोटों से आगे हैं।

6:10 PM: निर्वाचन आयोग के मुताबिक, भवानीपुर विधानसभा सीट पर जीत-हार का अंतर कम होता जा रहा है। 20 में से 14 राउंड के वोटों की गिनती हो चुकी है। ममता बनर्जी अब केवल 3830 वोटों से आगे हैं। ममता को 48671 और शुभेंदु अधिकारी को 44841 वोट मिले हैं।

5:15 PM: भवानीपुर विधानसभा सीट पर 13 राउंट तक के वोटों की गिनती हो गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक, फिलहाल ममता बनर्जी आगे चल रही हैं। ममता को अब तक 46726 वोट मिले हैं। भाजपा के शुभेंदु अधिकारी के खाते में 41377 वोट आए हैं।

4:32 PM: आपको बता दें कि ममता बनर्जी खुद मतदान केंद्र पर पहुंची हैं। उन्होंने अधिकारियों पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। आपको बता दें कि यहां 20 राउंड की गिनती होनी है।

4:30 PM: भवानीपुर सीट पर काफी देर से मतों की गिनती रुकी हुई थी। चुनाव आयोग द्वारा 13वें राउंड के बाद जारी आंकड़ों के मुताबिक, ममता बनर्जी की बढ़त का अंतर तेजी से कम हो रहा है। ममत बनर्जी को अब तक 46726 और शुभेंदु अधिकारी को 41377 मत मिले हैं। वह लगभग सिर्फ 5349 मतों से आगे चल रही हैं।

2:44 PM: 12 राउंड की गिनती के बाद ममता बनर्जी सिर्फ 7184 मतों से आगे चल रही हैं। उन्हें अब तक 44729 मत मिले हैं। वहीं, भाजपा से शुभेंदु अधिकारी 37545 को मिले हैं।

2:20 PM: भवानीपुर में एक समय ममता बनर्जी की बढ़त का अंतर 19 हजार तक चला गया था, जो कि अब घटकर सिर्फ 9000 पर आ गया है। 11 राउंड की गिनती के बात ममता बनर्जी को अब तक 42796 मत मिले हैं। वहीं, शुभेंदु अधिकारी को 33321 मत प्राप्त हुए हैं।

12:32 PM: भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी अब जीत की तरफ आगे बढ़ती दिख रही है। 6 राउंड की गिनती के बाद वह 19 हजार से अधिक मतों से आगे चल रही हैं। उन्हें अब तक 30548 मत मिले हैं। वहीं, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को 11155 मत मिले हैं।

11:45 AM: चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भवानीपुर सीट पर 4 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। ममता बनर्जी ने 8000 से अधिक मतों की बढ़त बना ली है। उन्हें अब तक 17244 मत मिल चुके हैं। वहीं, शुभेंदु अधिकारी को 8762 वोट मिले हैं।

11:05: भवानीपुर में कांटे की टक्कर चल रही है। ममता बनर्जी ने एक बार फिर बढ़त बना ली है। तीसरे दौर के अंत में ममता को 9,359 वोट मिले हैं, जबकि शुभेंदु को 8,461 वोट प्राप्त हुए हैं। ममता 800 से अधिक वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। आपको बता दें कि अभी भी 15 से अधिक राउंड की गिनती बाकी है।

10:47 AM: चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, दो राउंड की गिनती के बाद शुभेंदु अधिकारी को 6380 मत मिले हैं। वहीं ममता बनर्जी को 4822 मत प्राप्त हुए हैं। वह 1558 मतों से पीछे चल रही हैं।

10:34 AM: पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट से चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ममता बनर्जी फिर एकबार पिछड़ गई हैं। इस सीट से भाजपा से शुभेंदु अधिकारी ने बढ़त बना लगी है।

10:10 AM: चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भवानीपुर की हाई-वोल्टेज सीट पर ममता बनर्जी ने शुभेंदु अधिकारी को पीछे छोड़ते हुए वोटों की गिनती के शुरुआती दौर में 1,900 से ज्यादा वोटों की बढ़त बना ली है।

10:05 AM: भवानीपुर सीट पर अपनी जीत का दावा करते हिए BJP नेता शुभेंदि अधिकारी ने कहा कि गिनती के शुरुआती दौर मुश्किल होंगे। जैसे-जैसे गिनती आगे बढ़ेगी, मुकाबला कड़ा रहने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि गिनती के बाद के दौर में उनके आगे निकलने की संभावना है।

8:52 AM: पश्चिम बंगाल में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। 293 में से 227 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। अब तक भाजपा 112 और टीएमसी 110 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं सिर्फ पांच सीटों पर कांग्रेस को बढ़त हासिल है। भवानीपुर में भी ममता को झटका लगता दिख रहा है।

8:42 AM: भवानीपुर विधानसभा सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। यहां अब शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर बढ़त बना ली है। बंगाल में भी भाजपा और टीएमसी के बीच टाइट फाइट दिख रही है।

8:31 AM: भवानीपुर विधानसभा सीट की बात करें तो यहां टीएमसी से ममता बनर्जी लगातार आगे चल रही हैं। शुभेंदु अधिकारी को यहां झटका लगता दिख रहा है। हालांकि, अभी शुरुआती रुझान हैं।

8:30 AM: पश्चिम बंगाल में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों में लगातार आगे चलने वाली भारतीय जनता पार्टी 88 सीटों के साथ अब दूसरे नंबर पर चली गई है। वहीं, 93 सीटों के साथ टीएमसी आगे हो चुकी है।

8:27 AM: आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में अब तक 142 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। भाजपा 75 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, ममता बनर्जी के खाते में अब तक 67 सीटें जाती दिख रही हैं।

8:20 AM: शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल में भाजपा को बढ़त दिख रही है। 90 सीटों के रुझान सामने आए हैं। उसके मुताबिक, 35 पर टीएमसी और 55 पर भाजपा आगे चल रही है।

8:12 AM: पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट पर मतों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी उम्मीदवार ममता बनर्जी भाजपा कैंडिडेट शुभेंदु अधिकारी के मुकाबले आगे चल रहे हैं। आपका बता दें कि यहां पहले बैलेट पेपर की गिनती हो रही है।

8:00 AM: भवानीपुर में मतों की गिनती शुरू हो चुकी है। कुछ ही देर में रुझान सामने आएंगे। इससे पहले ममता ने अपनी पार्टी के एजेंटों के साथ एक और बैठक की थी।

7:55 AM: पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट के लिए वोटों की गिनती सखावत मेमोरियल में होगी। यहां सुरक्षा की सख्त व्यवस्था की गई है। हर गली में पुलिस गश्त कर रही है। इस सीट पर ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के चुनावी भविष्य का फैसला होने वाला है।

7:45 AM: भवानीपुर सीट पर डाक मतपत्रों की गिनती सुबह 8:00 बजे शुरू होगी। EVM के जरिए डाले गए वोटों की गिनती सुबह 8:30 बजे शुरू होगी।

7:36 AM: पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट पर अब से कुछ ही देर में मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। मजिस्ट्रेट की तैनाती में स्ट्रॉन्ग रूम के ताले खोले गए हैं। मतगणना की तैयारी अंतिम चरण में है।

7:20 AM: पश्चिम बंगाल का यह चुनाव काफी हंगामेदार रहा। इसका असर नतीजों के दिन भी देखने को मिल रहा है। आज सुबह मतगणना शुरू होने से ठीक पहले भवानीपुर काउंटिंग सेंटर के बाहर टीएमसी और भाजपा के एजेंट आपस में भिड़ गए।

5:47 AM: भवानीपुर विधानसभा सीट सहित पश्चिम बंगाल की तमाम सीटों पर सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। यहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

2021 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर दो बार मतदान की स्थिति बनी। पहले मुख्य चुनाव में टीएमसी के शोभनदेव चटर्जी ने जीत दर्ज की थी, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए यह सीट खाली करने के बाद यहां उपचुनाव हुआ। उपचुनाव में ममता बनर्जी को कुल 71.9 प्रतिशत वोट मिले थे। भाजपा ने यहां प्रियंका टिबरेवाल को मैदान में उतारा था। उन्हें सिर्फ 22.2 प्रतिशत मतों से संतोष करना पड़ा था। ममता बनर्जी ने प्रियंका टिबरेवाल को 58,835 वोटों के विशाल अंतर से हराया था। आपको बता दें कि नंदीग्राम में मामूली अंतर से हारने के बाद, मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए ममता बनर्जी का यह चुनाव जीतना अनिवार्य था।

मिनी भारत है भवानपुर सीट

भवानीपुर को इसकी मिश्रित आबादी के कारण 'मिनी भारत' कहा जाता है। यहां करीब 40% गैर-बंगाली मतदाता हैं, जो चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। 2011 में सत्ता परिवर्तन के बाद से इस सीट पर टीएमसी का ही कब्जा रहा है। ममता बनर्जी ने यहां से 2011, 2016 और 2021 (उपचुनाव) में जीत हासिल की। भारतीय जनता पार्टी ने पिछले कुछ वर्षों में यहां अपना आधार मजबूत करने की कोशिश की है। विशेष रूप से व्यापारिक समुदायों के बीच पैठ बढ़ी है, लेकिन टीएमसी के किले को भेदने में अब तक असफल रही है।

किस राज्य में किसकी सरकार? 🤔