श्रीदेवी-मिथुन की फेवरेट डिजाइनर अब बंगाल सीएम की रेस में, कौन हैं अग्निमित्रा पॉल?
Bengal Me Kaun Banega CM: बंगाल चुनाव में भाजपा की भारी जीत के बाद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में अग्निमित्रा पॉल का नाम जोर-शोर से चर्चा में है। एक समय बॉलीवुड की मशहूर हस्तियों के लिए कपड़े डिजाइन करने वाली यह फैशन डिजाइनर आज राज्य की राजनीति में भाजपा की आक्रामक महिला चेहरा बन चुकी हैं।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल कर 293 सीटों में से 207 पर कब्जा कर लिया है। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस मात्र 80 सीटों तक सिमट गई। प्रदेश में पहली भाजपा सरकार बनने की तैयारी के बीच मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों पर चर्चा तेज हो गई है। इस बीच आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्रा पॉल का नाम भी चर्चा में है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दक्षिण सीट पर टीएमसी उम्मीदवार तापस बनर्जी को 40839 वोटों के भारी अंतर से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी हैं।
कौन हैं अग्निमित्रा पॉल?
25 नवंबर 1974 को आसनसोल में जन्मीं अग्निमित्रा शिक्षाविदों और डॉक्टरों के परिवार से आती हैं। उन्होंने बनवारीलाल भालोतिया कॉलेज से विज्ञान में स्नातक (1994) और 1997 में फैशन डिजाइनिंग में डिप्लोमा किया। जादवपुर विश्वविद्यालय और बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड मैनेजमेंट साइंसेज से भी शिक्षा प्राप्त की। सियासत में प्रवेश से पहले वे बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती समेत कई दिग्गज हस्तियों के लिए कपड़े डिजाइन करती थीं। उन्होंने अपना फैशन ब्रांड INGA भी शुरू किया, जिसके रिटेल आउटलेट देश के प्रमुख शहरों में हैं। बता दें कि अग्निमित्रा का विवाह बिजनेसमैन पार्थो पॉल से हुआ है। दोनों से दो बेटे हैं।
अग्निमित्रा पॉल का सियासी सफर
अग्निमित्रा पॉल वर्तमान में आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं और पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई की उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने यह पद 7 जनवरी 2026 को संभाला था। पूर्व फैशन डिजाइनर रह चुकीं पॉल 2019 में राजनीति में सक्रिय हुईं और बहुत ही कम समय में पार्टी के प्रमुख चेहरों में शुमार हो गईं। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने आसनसोल दक्षिण से टीएमसी की सायनी घोष को हराकर पहली बार विधायक बनीं। इसके बाद भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष और महासचिव जैसी जिम्मेदारियां संभालीं।
वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहीं, विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व किया और मतदाताओं से सीधा संवाद बनाए रखा। 2022 के आसनसोल उपचुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव (मेदिनीपुर) में उन्होंने मजबूत प्रदर्शन किया, हालांकि जीत नहीं मिली। 2026 के चुनाव में उनका अभियान औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और स्थानीय विकास पर केंद्रित रहा। अभियान के दौरान उनके काफिले पर हमले की घटना भी चर्चा में रही, जिसे उन्होंने टीएमसी की 'चुनावी हताशा' करार दिया।
संपत्ति और आपराधिक मामले
2026 के हलफनामे के अनुसार, अग्निमित्रा पॉल के पास करीब 3.85 करोड़ रुपये की संपत्ति और 1.20 करोड़ रुपये की देनदारियां हैं। उनके पास सोने के बांड और म्यूचुअल फंड में निवेश समेत 34 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। उनके खिलाफ 11 आपराधिक मामले लंबित हैं, जो मुख्य रूप से राजनीतिक प्रदर्शनों और लोक सेवकों के काम में बाधा डालने से संबंधित हैं।
सीएम रेस में ये चेहरे
भाजपा में सुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है, लेकिन पार्टी के भीतर महिला चेहरे को तरजीह देने की चर्चा भी जोर पकड़ रही है। दिल्ली में रेखा गुप्ता जैसे अपेक्षाकृत कम चर्चित चेहरे को पद दिए जाने के उदाहरण को देखते हुए, अग्निमित्रा पॉल की 'महिला नेता' वाली छवि उन्हें मजबूत दावेदार बना सकती है। बता दें कि 2026 के बंगाल चुनाव दो चरणों (23 और 29 अप्रैल) में हुए, जिसमें रिकॉर्ड 92.93% मतदान दर्ज किया गया। महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। ऐसे में संभव है कि बीजेपी बंगाल में महिला दांव खेल सकती है।




साइन इन