Asaduddin Owaisi Joins Hands with Humayun Kabir in Bengal Says Muslims Have Been Reduced to Mere Voting Machines बंगाल में हुमायूं कबीर संग आए ओवैसी, बोले- मुसलमानों को सिर्फ वोटिंग मशीन बना दिया, West-bengal Hindi News - Hindustan
More

बंगाल में हुमायूं कबीर संग आए ओवैसी, बोले- मुसलमानों को सिर्फ वोटिंग मशीन बना दिया

असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों ने पश्चिम बंगाल में मुसलमानों का इस्तेमाल 'वोट बैंक' की तरह किया, लेकिन समुदाय के विकास के लिए कुछ नहीं किया।

Wed, 1 April 2026 05:56 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, मुर्शिदाबाद
share
बंगाल में हुमायूं कबीर संग आए ओवैसी, बोले- मुसलमानों को सिर्फ वोटिंग मशीन बना दिया

Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मुर्शिदाबाद जिले में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी और हुमायूं कबीर ने संयुक्त रैली को संबोधित किया। इस दौरान, ओवैसी ने कहा कि भारत में मुसलमानों को अब महज वोटिंग मशीन बनाकर रख दिया गया है। हमें जिताएं और आपकी आवाज बुलंद होगी। भारतीय राजनीति की सच्चाई यह है कि जिस समुदाय के पास अपना नेतृत्व होगा, वही सच्ची प्रगति और विकास देखेगा।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों ने पश्चिम बंगाल में मुसलमानों का इस्तेमाल 'वोट बैंक' की तरह किया, लेकिन समुदाय के विकास के लिए कुछ नहीं किया।

हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाली एजेयूपी के उम्मीदवारों के समर्थन में नाओडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने यह भी दावा किया कि पिछले 50 वर्षों में मुस्लिम समुदाय ने कांग्रेस, वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस को वोट दिया, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल में मुसलमानों को राजनीतिक निर्णय लेने में अधिक प्रतिनिधित्व दिलाने और उनके वास्तविक विकास के लिए हमने कबीर के साथ हाथ मिलाया है। हम सब मिलकर ममता बनर्जी और उनकी पार्टी को करारा झटका देंगे।'' ओवैसी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, ''अब समय आ गया है कि मुस्लिम समुदाय से ऐसे नेताओं को चुना जाए जो आपके आर्थिक विकास को सुनिश्चित कर सकें।'' पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।