Rainfall in May to be above normal IMD delivers good news amidst scorching heat मई में सामान्य से अधिक होगी बारिश; भीषण गर्मी के बीच IMD ने दी गुड न्यूज, Weather Hindi News - Hindustan
More

मई में सामान्य से अधिक होगी बारिश; भीषण गर्मी के बीच IMD ने दी गुड न्यूज

आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि मई में हिमालय के तराई क्षेत्र के कुछ हिस्सों, पूर्वी तटीय राज्यों गुजरात और महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक दिन लू चलने की संभावना है।

Fri, 1 May 2026 02:09 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
मई में सामान्य से अधिक होगी बारिश; भीषण गर्मी के बीच IMD ने दी गुड न्यूज

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को मासिक पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि मई में पूरे भारत में सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है। हालांकि पूर्व, पूर्वोत्तर और पूर्व-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। वहीं, मई में हिमालय के तराई क्षेत्र के कुछ हिस्सों, पूर्वी तटीय राज्यों गुजरात और महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक दिन लू चलने की संभावना है।

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने एक बयान में कहा, "मई 2026 के दौरान देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान है।" उन्होंने कहा, "हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों के साथ-साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों, प्रायद्वीपीय भारत के सटे क्षेत्रों और पूर्वोत्तर भारत के दक्षिणी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।"

पंजाब में दो मई से बारिश-आंधी के आसार

पहाड़ों पर बारिश और ओलावृष्टि के असर से पंजाब के मौसम में बदलाव आया है। शुक्रवार सुबह से ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को तापमान में 0.9 डिग्री की वृद्धि हुई लेकिन यह सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है और किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, दो मई से छह मई तक राज्य में बारिश और आंधी चलने के आसार हैं, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में बदलाव आएगा।

तापमान की बात करें तो उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री, मध्य क्षेत्रों में 36 से 38 डिग्री और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूरे सप्ताह तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में लुधियाना और पठानकोट में हल्की बारिश दर्ज की गई। पठानकोट में 3.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। फिलहाल राज्य में हीट वेव का असर खत्म हो गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।