कल का मौसम, 26 मई: मंगलवार को भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका, IMD का इन इलाकों में अलर्ट
उत्तर भारत की बात करें तो राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में लू का प्रकोप जारी रह सकता है। पश्चिम राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है।

26 मई को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और लू का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज से यह जानकारी सामने आई है। पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण भारत और पूर्वी राज्यों में जहां बारिश का असर बढ़ने की संभावना है, वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका प्रभाव खासकर केरल व तटीय क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। असम और मेघालय में कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का भी अनुमान जताया गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
केरल, तमिलनाडु और इन राज्यों में होगी बारिश
दक्षिण भारत में केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, केरल और लक्षद्वीप में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश और रायलसीमा क्षेत्र में भी मौसम बदला रहेगा। मौसम विभाग ने समुद्री इलाकों में मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश में जारी रहेगा लू का प्रकोप
उत्तर भारत की बात करें तो राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में लू का प्रकोप जारी रह सकता है। पश्चिम राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी तापमान काफी ऊंचा रहने का अनुमान है। हालांकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं राहत दे सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की समस्या पैदा हो सकती है। वहीं लू प्रभावित राज्यों में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। IMD ने लोगों से मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अगले कुछ दिनों में मानसून की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है, जिससे दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन