aaj ka mausam Storm Alert from Bihar to Bengal Rain Expected in Punjab and Haryana as well until May 7 बिहार से बंगाल तक आंधी-तूफान का अलर्ट, पंजाब-हरियाणा में भी 7 मई तक होगी बारिश, Weather Hindi News - Hindustan
More

बिहार से बंगाल तक आंधी-तूफान का अलर्ट, पंजाब-हरियाणा में भी 7 मई तक होगी बारिश

बिहार, झारखंड और ओडिशा में 5 मई तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की उम्मीद है। बिहार और गंगा से सटे पश्चिम बंगाल में 3-4 मई को 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से भीषण तूफान चलने की चेतावनी है।

Sat, 2 May 2026 08:36 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
बिहार से बंगाल तक आंधी-तूफान का अलर्ट, पंजाब-हरियाणा में भी 7 मई तक होगी बारिश

IMD Weather Updates: मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों के दौरान भारत के लगभग सभी हिस्सों यानी कि उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में 2-5 मई, हिमाचल और उत्तराखंड में 3-7 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 7 मई तक, जबकि उत्तर प्रदेश में 4-7 मई के दौरान गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर में 3 मई, हिमाचल प्रदेश में 3-4 मई और उत्तराखंड में 4-5 मई को ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 5 दिनों तक बारिश जारी रहेगी। असम और मेघालय में 2 और 3 मई को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। अरुणाचल प्रदेश और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी 7 मई तक भारी बारिश जारी रह सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 5 दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना है। 2 मई को सिक्किम और पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

बिहार-झारखंड के मौसम का हाल?

बिहार, झारखंड और ओडिशा में 5 मई तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की उम्मीद है। बिहार और गंगा से सटे पश्चिम बंगाल में 3-4 मई को 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से भीषण तूफान चलने की चेतावनी है। आईएमडी का कहना है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश और 30-50 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलेंगी। छत्तीसगढ़ में 3-4 मई को तेज आंधी आ सकती है।

दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में 5 मई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। केरल और तमिलनाडु में 2 से 4 मई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में 4-5 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।